माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कक्षा 10वीं में कई विद्यार्थियों को अंग्रेजी के प्रश्न समझने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। किसी की परीक्षा अच्छी नहीं हुई तो कोई नकल करता पकड़ा गया। अलग-अलग फ्लाइंग ने पांच विद्यार्थियों को पर्ची से देखकर प्रश्न हल करते पकड़ा, जिनके खिलाफ यूएमसी बनाकर बोर्ड को भेज दी गई है।
सोमवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं के अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। परीक्षा के लिए 65 केंद्र बनाए गए, जहां 23 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
हरियाणा बोर्ड के जिला अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ढुल ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। केवल पांच विद्यार्थी ही नकल करते हुए अलग-अलग केंद्र पर पकड़े गए। इनमें एक केस चेयरमैन फ्लाइंग ने बनाया। इसके अलावा एसडीएम फ्लाइंग, कंट्रोल रूम फ्लाइंग, एसटीएफ-1 और एसटीएफ-2 ने भी एक-एक विद्यार्थी को नकल करते पकड़ा। सभी विद्यार्थियों के खिलाफ यूएमसी बनाकर बोर्ड को भेज दी गई।
परीक्षा के कुछ भाग रहे कठिन
परीक्षा देने के बाद परीक्षार्थी विवेक, लक्ष्य और ज्योति ने बताया कि परीक्षा के कुछ भाग कठिन रहे। व्याकरण का भाग सबसे ज्यादा कठिन लगा। समय कम होने के कारण आखिरी के कुछ प्रश्न रह गए। जिससे कम अंक मिलने की संभावना है। राकेश और भानू ने बताया कि उसका अभ्यास अच्छा था, जिसकी वजह से उसे परीक्षा में कम वक्त लगा।
आज 12वीं की गणित की परीक्षा
मंगलवार को हरियाणा बोर्ड की ओर से कक्षा 12वीं की गणित की परीक्षा आयोजित की जाएगी। बोर्ड की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। सोमवार को भी ऑनलाइन क्लास लेकर या ट्यूशन के माध्यम से शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रिवीजन कराई।