संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। प्राइवेट स्कूल संचालकों द्वारा की गई फीस बढ़ोतरी के खिलाफ सैकड़ों अभिभावक और किसान यूनियन से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन कर एसडीएम मनदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा। किसान यूनियन के नेताओं और अभिभावकों ने चेतावनी दी कि स्कूल संचालकों द्वारा की गई फीस बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया तो वह स्कूलों पर तालाबंदी करने पर मजबूर होंगे।
किसान यूनियन के नेता सुखविंद्र झब्बर और नरवैर सिंह ने कहा कि सरकार के आदेश के बाद वार्षिक चार्ज को काटकर हर माह की फीस में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जोकि गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि फीस बढ़ाने के साथ-साथ निजी स्कूल संचालक स्कूल के अंदर से ही किताबें और वर्दी खरीदने के लिए बाध्य कर रहे हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने अधिकारियों पर निजी स्कूलों से मिलीभगत का आरोप लगाया।
अभिभावक सुभाष, मंजीत, राकेश, जोगिंदर, त्रिलोक सिंह, गुरजंट सिंह, अशोक गोलन, नरेंद्र सिंधड, जोगिंद्र झींडा, विक्रम वाहला व सुबा सिंह ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल संचालक योजना बनाकर वार्षिक खर्च खत्म करते हुए प्रति महीने की फीस में एक हजार से 1200 रुपये की वृद्धि कर लोगों की कमर तोड़ रहे हैं। सुखविंद्र झब्बर और नरवैर सिंह ने एसडीएम मनदीप कुमार को चेतावनी दी कि यदि जल्द बढ़ी फीस वापस नहीं ली तो स्कूल पर ताले जड़े जाएंगे।
फार्म छह में बढ़ोतरी की जानकारी नहीं दी तो होगी कार्रवाई
एसडीएम मनदीप कुमार का कहना है कि अगर किसी भी स्कूल संचालक ने बिना फार्म छह में जानकारी दिए फीस बढ़ाई है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि वह सभी स्कूलों के फार्म छह के अनुसार फीस की जांच करवाएं। अगर कोई ज्यादा फीस ले रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें।