हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल की फूसगढ़ स्थित नंदीग्राम गौशाला में पहुंचकर पिछले दिनों हुई 45 गायों की मौत के मामले की जानकारी ली औरशेड में जाकर गायों का हाल-चाल देखा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने करनाल दौरे के दूसरे दिन नगर निगम की फूसगढ़ स्थित गौशाला का निरीक्षण किया गायों को अपने हाथ से चारा और गुड़ खिलाया इस मौके पर उन्होंने कहा कि गोवंश के हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में तथ्य सामने आए हैं कि आरोपियों ने गोवंश को जहरीला पदार्थ खिलाया है।
विज्ञापन
आरोपी दीवार फांदकर गऊशाला में आए
चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, तीन आरोपी अभी तक फरार हैं। जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस संबंध में पुलिस निरंतर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी दीवार फांदकर गऊशाला में आए थे। शंका जाहिर की जा रही है कि मृत पशुओं का व्यापार करने वालों की मिली-भगत से आरोपी इस वारदात को अंजाम दे रहे थे। जांच जारी है। जांच में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने गोवंश के चारे व गोवंश की देखभाल के लिए नगर निगम को दिशा-निर्देश दिए। फूसगढ़ गोशाला में गोवंश की देखभाल को लेकर जिला परिषद के सीईओ गौरव कुमार को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश के चारे की पूरी व्यवस्था की जाए। इसके साथ-साथ समय-समय पर इनके स्वास्थ्य की जांच भी हो। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अंसल सिटी में जाकर ईडब्ल्यूएस के लिए बनाए गए आवासों का भी निरीक्षण किया तथा उनकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए।