करनाल। दाखिला फीस के साथ ही बाहर से आने वाले विद्यार्थियों ने बस पास के पैसे भी कॉलेजों को जमा करा दिए। लेकिन अभी तक उन्हें बस पास नहीं मिले। जबकि स्नातक की कक्षाएं लगनी भी नवंबर माह की शुरुआत से शुरू हो गई थी। ऐसे में विद्यार्थियों में निराशा है। शनिवार को पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों ने बस पास न मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
छात्र अनंत चौधरी, आशीष, खुशी, आस्था, गौतम और सागर ने कहा कि उन्होंने कॉलेज में बस पास के लिए पूरे पैसे जमा कराए थे। करीब एक माह से वे बस पास की इंतजार कर रहे हैं। वहीं कॉलेज प्रशासन की ओर से रोजाना किसी न किसी बात का बहाना बनाकर उनकी बात को टाल दिया जाता है। उन्हें रोजाना बस में टिकट लेकर गांव से शहर आना पड़ रहा है। इससे अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन से जल्द पास बनवाने की मांग की है। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. राजेश रानी का कहना है बस पास के लिए प्रक्रिया चल रही है। एक सप्ताह में विद्यार्थियों को पास जारी होने की उम्मीद है।