चार अवैध कॉलोनियों पर चला बुल्डोजर, डीटीपी से नोकझोंक
- पांच मकान, तीन दुकानें, दो कॉलोनाइजर कार्यालय सहित सड़कें और डीपीसी ध्वस्त
- बिजली कनेक्शन न देने, रजिस्टरी न करने के लिए संबंधित विभागों को लिखा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिला नगर योजनाकार आरएस बाठ की अगुवाई में बृहस्पतिवार को चार अवैध कॉलोनियों में बुल्डोजर चला। इस दौरान पांच मकान, तीन दुकानें और दो कॉलोनाइजरों के कार्यालयों को जेसीबी से तोड़ दिया गया। मौके पर मौजूद कई लोगों ने विरोध भी किया और तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन डीटीपी ने तोड़फोड़ जारी रखी। वहीं अवैध कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन न दिए जाने और जमीन की रजिस्टरियां न करने के लिए बिजली निगम और तहसीलदार को लिखा जा रहा है।
जिला नगर योजनाकार आरएस बाठ की अगुवाई में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। सबसे पहले आईटीआई चौक पर एक अवैध कॉलोनी पर टीम पहुंची। यहां की सभी कच्ची सड़कें, एक निर्माणाधीन दुकान व एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय को तहत नहस कर दिया गया। इसके बाद दूसरी अवैध कॉलोनी हवाई पट्टी के सामने कुजंपुरा रोड थी। इस कॉलोनी में भी सभी पक्की सड़कें, तीन डीपीसी और एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर को तोड़ा।
तीसरी कॉलोनी नेवल कमांडो कॉम्पलेक्स के सामने थी। इस कॉलोनी में भी सभी सड़कें, पांच डीपीसी, एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय को तोड़ दिया गया। इसके बाद डीटीपी की टीम हैफेड गोदाम के साथ वाली एक अवैध कॉलोनी में पहुंची। जिसमें पांच निर्माणाधीन मकानों को ध्वस्त कर दिया। यहां की सभी सड़कें, तीस डीपीसी, दो निर्माणाधीन दुकानों को भी जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। यहां पर कई लोग विरोध करने भी पहुंचे। दुकानदारों व भवन स्वामियों से डीटीपी की तीखी नोकझोंक हुई। डीटीपी ने कार्रवाई रोकने से इनकार करते हुए पुलिस बुलाकर गिरफ्तारी कराने की भी चेतावनी दी। इसके बाद भवन स्वामी शांत हो गए।
लोग बोले, कॉलोनी अवैध तो कैसे हुई रजिस्टरी
लोगों का कहना था कि यदि कॉलोनी अवैध है तो रजिस्टरी कैसे हुई और कैसे उन्हें बिजली कनेक्शन आदि अन्य सुविधाएं मिली। अब जब लाखों रुपये मेहनत की कमाई लगाकर भवन बनवा लिया तो अब उसे तोड़ा जा रहा है। उनका कहना था कि प्रॉपर्टी डीलरों ने विश्वास दिलाया था कि कॉलोनी वैध है आगे कोई दिक्कत नहीं आएगी, तभी प्लॉट खरीदा था। कार्रवाई के दौरान थाना सेक्टर-32-33 व थाना कुंजपुरा की पुलिस मौके पर रही।
वर्जन
अवैध कॉलोनियों में बिजली के कनेक्शन न देने के बारे में बिजली निगम और ऐसी कॅालोनियों में रजिस्टरी न करने के लिए तहसीलदार को लिखा जा रहा है। जिले में अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी व तोड़फोड़ की कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान कॉलोनाइजरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- आरएस बाठ, जिला नगर योजनाकार करनाल