संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर के मोती नगर निवासी एक व्यक्ति व उसकी बेटी के खाते से साइबर ठगों ने 5.5 लाख रुपये निकाल लिए। व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों की शादी के लिए यह रकम जोड़ी थी। मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस को दी गई है। पीड़ितों का आरोप है कि मामले में बैंक की ओर से मदद नहीं की जा रही है।
मोती नगर वासी सुरेश कुमार ने बताया कि उनका एक खाता बेटी दिव्या के साथ ज्वाइंट है तो एक खाता बेटी के नाम से है। 15 अक्तूबर को ज्वाइंट खाते से किसी ने पांच बार में तीन लाख आठ हजार रुपये निकाल लिए। उसी दिन बेटी के खाते से भी पूरी रकम दो लाख 42 हजार रुपये निकाल लिए। उन्होंने बताया कि बेटी का खाता ही साफ कर दिया गया। उन्होंने भी अपनी बेटियों की शादी के लिए यह रकम जमा कर रखी थी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।