करनाल। गांव सीतामाई के समीप शुक्रवार देर रात एक कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव कोयर निवासी ज्ञानचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका इकलौता बेटा सुल्तान करनाल अनाज मंडी में अकाउंट का कार्य करता था। 10 सितंबर को वह बाइक पर करनाल अनाज मंडी गया था। उस दिन वह भी अपने भतीजे बलवान के साथ करनाल गया था। रात को वह दो बाइक पर करनाल से चल पड़े। इनमें से एक बाइक उसका बेटा सुल्तान चला रहा था तो दूसरी बाइक पर वह भतीजे बलवान के साथ बैठा था। इस दौरान सीतामाई के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसके बेटे की बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। वह उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवेजना अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि कार का नंबर मिल गया है। युवक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।