संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। स्वच्छता के मामले में तरावड़ी नगरपालिका ने बड़ी छलांग लगाई है। 25 से 50 हजार आबादी वाले शहरों की स्वच्छता सर्वेक्षण सूची में 338वीं से 114वीं रैंक हासिल कर हरियाणा में 12वें पायदान पर पहुंच गया है। इससे नगरपालिका के अधिकारी कर्मचारियों में खुशी है। वहीं 2022 में टॉप-10 में शामिल करने की कवायद शुरू कर दी गई है। जिसके लिए अभी से प्रयास किए जाएंगे।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में हिस्सा लेने के लिए तरावड़ी नगरपालिका ने अलग-अलग तरह के स्वच्छता कार्य को अंजाम दिया। जिसमें गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करना, सुलभ शौचालय सुविधा, डोर टू डोर कचरा इकट्ठा करना, स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करना व नगर में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक करना के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। फरवरी में सर्वेक्षण टीम द्वारा शहरवासियों से जो फीडबैक मिला इस कारण भी स्वच्छता की रैंकिंग में सुधार हुआ। स्वच्छता टीम ने जो पैरामीटर निर्धारित किए थे उनमें नगर पालिका खरी उतरी और स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणाम में हरियाणा ने 12वां स्थान प्राप्त किया।
टॉप 10 में शामिल करने का प्रयास
तरावड़ी नगरपालिका सचिव नरेंद्र शर्मा ने कहा कि नगरपालिका शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। नगरपालिका के प्रयास रंग लाए जिस कारण उत्तर भारत में नगरपालिका का रैंक सुधरा है। पिछली रैंक 338 थी, अब 114 अंक पर पहुंच गई है। नगरपालिका शहर को मॉडल सिटी बनाने के प्रयास हैं। अगली बार टॉप 10 में शामिल करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।