माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर यूनियन की हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक मांगों को लेकर सहमति नहीं बन जाती है। उपायुक्त के साथ वीरवार को यूनियन के प्रतिनिधिमंडल की बैठक नहीं हो पाई। मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए दोबारा समय भी नहीं मिला है। हालांकि सीटीएम से प्रतिनिधिमंडल मिला था। उन्होंने वार्ता को लेकर जल्द समय दिलाने का आश्वासन दिया है।
वीरवार को यूनियन की 37वें दिन भी हड़ताल जारी रही। फव्वारा पार्क में सभा की गई। जिसमें सरकार पर हठधर्मिता, वादाखिलाफी, तानाशाही व दमन का आरोप लगाकर हड़ताल जारी रखने का एलान किया गया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार मांगों को हल करने के बजाय टर्मिनेशन का डर दिखाकर हड़ताल को कमजोर करना चाहती है। फिर भी धरने पर वर्कर्स की संख्या बढ़ रही है।
यूनियन की जिला प्रधान रूपा राणा, सचिव बिजनेश राणा, सीटू जिला प्रधान सतपाल सैनी व रीना ने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि जो मांग लंबित है उनको सरकार लागू करे अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर राकेश राणा, मंजू बवेजा, अमरजीत कौर, ललिता, सुषमा, मीनाक्षी, रीना, संगीता, नीलम, सरोज, सुनीता, राकेश, ऊषा और कविता मौजूद रहे।