कुंजपुरा। अनाज मंडी में गेहूं की लिफ्टिंग के दौरान आरटीए अधिकारियों द्वारा गेहूं से भरे ट्रक का चालान कर दिया गया। तर्क दिया गया कि ट्रक में क्षमता से ज्यादा गेहूं लोड किया था। जिसके विरोध में ट्रक चालकों ने हंगामा कर गेहूं उठान कार्य बाधित कर हड़ताल का एलान कर दिया। हालांकि बाद में मंडी कमेटी व आढ़तियों के समझाने के बाद लिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया गया।
ओवरलोडिंग बताकर ट्रक का चालान करके करीब 42 हजार रुपये जुर्माना लगाने के बाद खफा ट्रक चालकों ने विरोध स्वरूप मंडी से गेहूं की लिफ्टिंग से मना कर दिया। सूचना मिलते ही कुंजपुरा मार्केट कमेटी सचिव नरेश मान व मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन ईलम सिंह भी मौके पर पहुंचे। मार्केट कमेटी अधिकारियों व आरटीए अधिकारियों एवं ट्रक चालकों के बीच करीब आधा घंटा तक चली बातचीत उपरांत मामला निपटा दिया गया। जिस पर गेहूं की लिफ्टिंग दोबारा सुचारू कर दी गई।
अनाज मंडी से गेहूं उठवा कर जहां पर रखवाया जा रहा है, उस जगह दूरी मात्र 500 मीटर है। इस लिंक रोड पर केवल 100 मीटर तक ही वाहन का आवागमन होता है। यह लिंक रोड कुंजपुरा-करनाल मुख्य सड़क से करीब 500 मीटर दूर पड़ता है। अनाज मंडी व गेहूं रखने की जगह के बीच की दूरी काफी कम होने के बावजूद ट्रक को ओवरलोड होने का तर्क देकर चालान करना, आरटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रहा है।
कमेटी सचिव नरेश मान का कहना है कि घीड़ व कुंजपुरा अनाज मंडी में गेहूं की खरीद एवं फसल की लिफ्टिंग सुचारु रूप से चल रही है। किसानों एवं आढ़तियों को किसी भी तरह परेशानी नही होने दी जाएगी। मंडी में पीने के पानी, शौचालय, सड़क एवं पर्याप्त बारदाने समेत सभी जरूरी सुविधाएं उपल्ब्ध करवाई जा रही है।