माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। आईटीआई में दाखिले का पहला चरण पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में यानी दूसरी मेरिट लिस्ट के साथ विद्यार्थियों को दाखिले दिए जाएंगे। इसके लिए सोमवार से प्रक्रिया शुरू होगी। सोमवार को पहले चरण के विद्यार्थियों को सीटें अलॉट करने के बाद 20 अक्तूबर से पोर्टल दोबारा खुलेगा। इस दौरान जिन विद्यार्थियों का पहले चरण में दाखिला नहीं हुआ, वे नए सिरे से अपने आवेदन फार्म में ट्रेड या संस्थान का चुनाव करेंगे।
पहली मेरिट सूची में करीब 40 प्रतिशत सीटें आवंटित की गई थी। अब कितने विद्यार्थी फीस जमा कराकर दाखिला लेते हैं इसका सोमवार को ही पता चलेगा। आईटीआई के अनुसार काफी विद्यार्थी संस्थान पहुंचकर दस्तावेज तो सत्यापित करा चुके हैं लेकिन शनिवार शाम तक फीस बहुत कम विद्यार्थियों ने ही जमा कराई थी। जिले की सबसे बड़ी करनाल आईटीआई में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए छह कमेटियां गठित की हैं। सभी अलग-अलग काउंटर पर बैठकर विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच करते हुए दाखिला प्रक्रिया में विद्यार्थियों का सहयोग कर रही हैं। इस बार विभाग की ओर से चार चरणों में दाखिला प्रक्रिया बांटी गई है।
ये है शेड्यूल
- खाली सीट की अलॉटमेंट 18 अक्टूबर को होगी।
- आवेदन के लिए 20 अक्टूबर को पोर्टल खोला जाएगा।
- दूसरी मेरिट लिस्ट 22 अक्टूबर को जारी होगी, 24 तक भौतिक सत्यापन और 26 तक फीस जमा की जाएगी।
- खाली सीट की अलॉटमेंट 28 अक्टूबर को होगी।
- आवेदन के लिए पोर्टल 28 व 29 अक्टूबर को खोला जाएगा।
- तीसरी मेरिट लिस्ट 2 नवंबर को जारी होगी, 6 तक भौतिक सत्यापन और 8 तक फीस जमा करवा सकेंगे।
- खाली सीट की अलॉटमेंट 10 नवंबर को होगी।
- आवेदन के लिए 10 से 12 नवंबर को पोर्टल खोला जाएगा।
- चौथी मेरिट लिस्ट 15 नवंबर को जारी होगी। 17 तक भौतिक सत्यापन और 18 तक फीस जमा करवा सकेंगे।
- सीट अलॉटमेंट की कंफर्मेशन 15 से 20 नवंबर तक होगी।
जिस विद्यार्थी का किसी भी मेरिट सूची में नाम आता है, तो वह दस्तावेज सत्यापित कराने के बाद फीस जमा कराकर अपनी सीट पक्की करे। बिना फीस जमा कराए, दाखिला नहीं माना जाएगा। 18 अक्तूबर को सीट अलॉटमेंट की सूची जारी होगी।
-धर्मेंद्र सिंह, प्रिंसिपल, आईटीआई करनाल