करनाल। खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। करनाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनने जा रहा है। अब यहां प्रतिभा भी निखरेगी और मुकाबला भी बढ़ेगा। सरकार की ओर से स्टेडियम बनाने को लेकर मंजूरी मिल चुकी है। स्मार्ट सिटी के तहत शहर के गांव दाहा और कंबोपुरा में से किसी एक गांव में स्टेडियम बनेगा। प्रशासन ने दोनों गांवों की जगह का अवलोकन कर प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेज दिया है। दोनों गांवों में करीब 50 एकड़ जगह में क्रिकेट या फुटबाल का स्टेडियम बनाया जा सकता है। अब जगह और खेल का चयन सरकार को करना है। फिलहाल दोनों ही खेलों के लिए करनाल के अलावा आसपास के जिलों में कोई बड़ा मैदान नहीं है। जहां राष्ट्रीय स्तर के भी मुकाबले हो सकें। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के बनने वाले खेल स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं भी रहेंगी। दर्शकों के बैठने के लिए भी अच्छी खासी व्यवस्था होगी। विदेशी टीमें भी स्टेडियम में आएंगी और ठहर सकेंगी।
फिलहाल क्रिकेटर नवदीप सैनी ही करनाल से उभरे हैं
करनाल से पिछले कई सालों से क्रिकेट और फुटबाल में कोई अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी नहीं निकला। इसके पीछे की वजह सुविधाओं का अभाव भी माना जा रहा है। लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम बनने की प्रक्रिया शुरू होने से बेहतर खिलाड़ी निकलने की आस जगी है। करनाल से फिलहाल क्रिकेटर नवदीप सैनी ही उभरे हैं। वे भी एक कालेज के मैदान और क्रिकेटर सुमित नरवाल की अकादमी में अभ्यास करते थे। यहां के बाद गौतम गंभीर का उन्हें साथ मिला तो बड़े स्तर पर पहुंचे।
यह है स्थिति
-फुटबाल : कर्ण स्टेडियम में करीब 7 करोड़ की लागत से बने सिंथेटिक ट्रैक में फुटबाल का एक छोटा सा मैदान है। इसके अलावा कहीं इस खेल की व्यवस्था नहीं है।
-क्रिकेट : कर्ण स्टेडियम में इसका कोई मैदान नहीं है। सेक्टर-9 की सरकारी जमीन पर ही मुकाबले होते हैं। यहां भी सुविधाएं ऐसी नहीं कि कोई नेशनल स्तर का खिलाड़ी निकले।
कंबोपुरा और दाहा गांव में निगम की काफी खाली जमीन पड़ी है। स्मार्ट सिटी के तहत स्टेडियम बनाना है। सरकार से स्टेडियम बनाने की स्वीकृति मिल गई है। केवल जगह और क्रिकेट या फुटबाल में से एक गेम का चयन होना है। मैदान में जोगिंग ट्रैक समेत अन्य सुविधाएं भी रहेंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले भी हो सकेंगे। विदेशी टीमें भी आएंगी।
-निशांत कुमार यादव, डीसी करनाल