संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से रविवार को हरियाणा पुलिस में महिला एवं पुरुष उप निरीक्षक पद के लिए लिखित परीक्षा ली गई। इसके लिए जिले में 62 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन सभी केंद्रों पर सुबह व शाम के सत्र में परीक्षा हुई। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्र पर 18500 अभ्यर्थियों ने परीक्षा देनी थी लेकिन 69 प्रतिशत अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। यानी 12966 ने ही परीक्षा दी और 5834 गैर हाजिर रहे। परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं नगराधीश अभय सिंह जांगड़ा ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न हुई। परीक्षा केंद्र के बाद अभ्यर्थियों के साथ आए अभिभावकों व परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
कपड़ों के अतिरिक्त बटन काटे
परीक्षा केंद्र में जाने के लिए अभ्यर्थियों की केंद्र के बाहर लंबी लाइन लगी रही। तेज धूप में उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कुछ महिला अभ्यर्थियों के कपड़ों पर अतिरिक्त बटन लगे थे। जिन्हें परीक्षा केंद्र में जाने से पहले काट दिया गया। इससे अलग कई विवाहिताओं के मंगलसूत्र उतरवाए व किसी के हाथ व पांव में बंधे धागे भी काट दिए।
पिता-दादा व दादी ने दिया बच्चों को मां का दुलार
सब इंस्पेक्टर की परीक्षा देने के लिए काफी संख्या में विवाहित महिलाएं आई थी। जिनके पास छोटे बच्चे थे। मां के परीक्षा केंद्र में जाने के बाद किसी के पिता ने तीन घंटे तक मां का दुलार दिया तो किसी के दादा, दादी ने पोतों को परीक्षा केंद्र के बाहर खिलाया।
परिजनों के लिए नहीं थी परीक्षा केंद्र के बाहर सुविधा
जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों के लिए तो सुविधा की थी लेकिन परीक्षा केंद्र के बाहर सुविधा नहीं थी। न तो उनके लिए पीने के पानी की सुविधा थी न ही शौचालय व बैठने की कोई व्यवस्था थी। जिस कारण परीक्षार्थियों के अभिभावकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बच्चों को लेकर अभिभावक सड़क पर ही बैठे दिखाई दिए तो जिसको जहां जगह मिली वहीं बैठ कर इंतजार करते रहे।
जाम के बनते रहे हालात
परीक्षा केंद्रों के बाहर जाम लगने के हालात बने रहे। ज्यादा समस्या बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज के आसपास हुई। यहां पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही, क्योंकि अधिकतर अभ्यर्थी अपने वाहनाें को लेकर आए थे। इस कारण शहर के वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी, वहीं मोबाइल नेटवर्क में भी दिक्कत रही।
58: पुलिस उप निरक्षक की परीक्षा के लिये परीक्ष केंद्र की ओर जाते अभियार्थी। अमर उजाला
अमर उजाला ई-पेपर फ्री में पढ़ने के लिए अमर उजाला ऐप डाउनलोड करें, एकदम फ्री, ये ऑफर सीमित समय के लिए है।
अमर उजाला ई-पेपर डेली एक रुपये से भी कम, अभी सब्सक्राइब करें और अपने शहर की हर खबर, हर समय, हर डिवाइस पर पाएं ।