फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम के जनता दरबार में पहुंची 150 की फरियाद

विज्ञापन
विज्ञापन
करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार की शाम को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जनता दरबार लगाकर करीब डेढ़ सौ लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान किसी ने बेटे की एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग मांगा तो किसी ने कॉलोनी को वैध कराने की बात रखी। किसी ने सड़क निर्माण कराने तो किसी ने अधूरे कार्यों को पूरा कराने की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यों को निस्तारित करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री के सामने जब एक पिता ने अपने बेटे की एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के लिए सहयोग की बात रखी तो मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए माता पिता चिंता न करें, जो भी फीस होगी, वह लोन के रूप में बैंक अदा करेगा। पढ़ाई के बाद डॉक्टर बनकर विद्यार्थी लोन भरेगा। बाला जी कालोनी नहर पार के कई लोगों ने सीएम से मिलकर अपनी कॉलोनी को वैध करने की मांग रखी तो उन्होंने कहा कि बिना टैक्स लिए कालोनियों में सभी विकास कार्य किए हैं। अब वहां के लोगों को नगर निगम को टैक्स देना चाहिए। शहर की 50 कालोनियां शीघ्र वैध होंगी।
मुगल कैनाल एसोसिएशन की मांग पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मुगल कैनाल में एक कमेटी बनाकर क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। राजेंद्र नगर के दिव्यांग ने मानचित्र पास नहीं होने की बात रखी तो निगम अधिकारी को निर्देश दिए कि यह जिस क्षेत्र में रहता है, उसका सर्वे किया जाए, नियमानुसार मानचित्र पास किया जाए। नरसी विलेज के ईलम सिंह ने दस प्रतिशत शेष विकास कार्यों को कराने की बात कही तो सीएम ने उपायुक्त को शीघ्र विकास कार्य कराने को कहा। धान की खरीद के सवाल पर उन्होंने कहा कि धान की खरीद एक अक्तूबर से ही शुरू हो सकेगी। पहले तो मुख्यमंत्री से मिलने वालों की सूची में 70 नाम शामिल थे। फिर 26 और बढ़े, इसके बाद बिना सूची के कई लोग मिलने पहुंच गए।
विज्ञापन

इस मौके पर सांसद संजय भाटिया, विधायक हरविंद्र कल्याण, भाजपा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, पूर्व विधायक बख्शीश सिंह विर्क, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के वाईस चेयरमैन सुभाष चंद्र, बृज गुप्ता के अलावा उपायुक्त निशांत कुमार यादव, एसपी गंगाराम पुनिया, अतिरिक्त उपायुक्त योगेश कुमार, आयुक्त नगर निगम मनोज कुमार, एसडीएम गौरव कुमार भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें