संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। तंत्र विद्या से परेशानी दूर करने का झांसा देकर 12 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सग्गा निवासी अंग्रेज सिंह ने बताया कि वह 2013-14 में दूध की डेयरी चलाता था। इस दौरान वह परेशान चल रहा था। उसकी मां भी बीमार थी तो उसकी जान पहचान के गुरलाल सिंह ने बताया कि वह दो लोगों को जानता है जो तांत्रिक विद्या से सभी समस्या दूर कर देगा।
वह वीरवार व शनिवार को पीर पर चौकी लगाते हैं। वह मोतिया जागीर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए रुपये लगेंगे। उन्होंने पहले दो लाख रुपये मांगे। इस तरह वह बार-बार रुपये मांगते रहे और समस्या का समाधान होने का दिलासा देते रहे। इस तरह आरोपियों ने 12 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी राज कुमार ने पंचायत के सामने यह भी माना है कि आरोपी गुरलाल व राजेश के साथ मिलकर रुपये हड़पे हैं।