करनाल। खेड़ी नरू निवासी युवक से कनाडा व ऑस्ट्रेलिया में वीजा लगवाने के नाम पर 12 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी राम सिंह व कृष्ण गांव खेड़ी नरू के ही हैं। आरोप है कि दोनों ने युवक के फर्जी दस्तावेज एंबेसी में लगाए थे। जिससे युवक का वीजा निरस्त हो गया है। सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
खेड़ी नरू निवासी कविता ने बताया कि उसका बेटा कुलविंद्र ऑस्ट्रेलिया व कनाडा जाने के लिए आईलेट्स कर रहा था। 2017 में उसके बेटे ने 6.5 बैंड लिए। दो साल तक वह ऑस्ट्रेलिया व कनाडा जा सकता था। आरोपियों ने उसे विश्वास दिलाया कि वह बेटे की फाइल लगा देंगे। इसके लिए 15 लाख रुपये का खर्च आएगा। तीन लाख रुपये पहले देने होंगे। जनवरी 2018 में आरोपी बोले कि उसके बेटे की कनाडा की फाइल लगा दी है और कॉलेज में दाखिले का पत्र भी आ गया है। इसके बाद आरोपियों ने बताया कनाडा में उसका रिफ्यूजल आ गया है। फिर मार्च 2018 में आरोपी बोले ऑस्ट्रेलिया में वीजा लगवा देंगे। फिर कहा सिडनी शहर के कॉलेज का दाखिला पत्र भी आ गया है। आरोपी बोले कि जुलाई 2018 में वह विदेश जा सकता है बाकी 12 लाख रुपये का इंतजाम कर लो। उसने अलग-अलग समय में आरोपियों को 12 लाख रुपये भी दे दिए। लेकिन कुछ समय बाद आरोपी बोले कि वीजा निरस्त हो गया है। जब उन्होंने एंबेसी में पता किया तो वहां फर्जी दस्तावेज पेश किए थे। सिटी थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।