संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अशोक नर्सरी स्थित एक किराना स्टोर संचालक पर पिस्तौल तानकर दो बदमाश दस हजार रुपये और एक्टिवा लूटकर फरार हो गए। यह वारदात शनिवार रात करीब 10 बजे की है। जाते समय बदमाश दुकानदार को दुकान के अंदर ही बंद कर गए। सेक्टर-32 थाना पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा है।
पुलिस को दी शिकायत में आरके पुरम निवासी साहिल ने बताया कि अशोका नर्सरी के गेट के सामने ईवरी-डे किराना स्टोर के नाम से उसकी दुकान है। उसकी दुकान का मुख्य शटर कुंजपुरा रोड पर है और दूसरा शटर साथ लगती छोटी सड़क पर है। चार दिसंबर की रात को करीब दस बजे वह अपनी दुकान का मुख्य शटर बंद करके साइड वाले शटर से दुकान की लाइट बंद करने के लिए दुकान के अंदर गया तो अचानक दो युवक उसकी दुकान के अंदर घुस गए और पिस्तौल दिखाकर कहा कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। इसके बाद बदमाश पेंट की जेब से दस हजार रुपये, एक्टिवा की चाबी व उसका मोबाइल लेकर फरार हो गए। जाते समय उसे दुकान के अंदर बंद करके चले गए। काफी देर तक उसने दरवाजा खटखटाया तो राहगीरों ने दुकान का शटर खोला।