माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने करनाल प्रवास के दूसरे दिन जिले को बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने सुबह 16 करोड़ रुपये से बने नगर निगम के नए भवन और 153 करोड़ रुपये से बने एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र सहित कुल 190 करोड़ रुपये की नौ परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य, शहर की सभी नागरिक सेवाओं को एक मंच पर लाकर एकीकृत करना तथा विभिन्न विभागों व एजेंसियो को एक प्लेटफार्म से जोड़कर नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने संकेत दिए कि प्रदेश के दूसरे जिलों में भी इस तरह के सेंटर स्थापित किए जाएंगे। मौके पर विधायक राम कुमार कश्यप, महापौर रेणू बाला गुप्ता, भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, सुभाष चंद्र, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, पूर्व जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, डॉ. अशोक अरोड़ा, सीनियर डिप्टी मेयर राजेश अग्घी, डिप्टी मेयर नवीन कुमार, पार्षद, बृज गुप्ता, उपायुक्त निशांत कुमार यादव, एसपी गंगाराम पूनिया, निगमायुक्त डॉ. मनोज कुमार आदि कई अधिकारी मौजूद रहे।
ऐसी व्यवस्था देश में कहीं नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आईसीसीसी में ऐसी खूबियां हैं जो देश में कहीं नहीं हैं, जैसे थर्मल कैमरों की मदद से नियंत्रित होने वाली लाइटें। जहां भीड़ की अधिकता या कम होने की स्थिति पर ग्रीन या रेड होंगी। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए चौराहों पर ट्रैफिक लाइट सेंसर कैमरे लगाए गए हैं। इस व्यवस्था में एडोप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकोग्निशन कैमरे शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे हैं। एमरजेंसी कॉल बॉक्स और पेनिक बटन भी लगे हैं, जिसे दबाते ही कंट्रोल रूम में सीधे पुलिस के पास अलर्ट जाएगा। चौक पर वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए गए हैं। दो जगह पर लगे सिस्टम से प्रदूषण स्तर और हवा की गुणवत्ता की जानकारी मिलती है। यह सेंटर 24 घंटे काम करेगा।
मेयर ने मांगीं दो और परियोजनाएं
नए भवन पहुंचने पर महापौर रेणू बाला गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि भविष्य में नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के लिए जगह की आवश्यकता पड़ सकती है, इसके लिए आसपास ही दो प्लॉट मौजूद हैं। इसी प्रकार नगर निगम में काम करने वाले अधिकारियों के लिए भी एक परियोजना ली गई है, जिसमें 8 फ्लैट का भवन बनाया जाएगा। इन दोनों आवश्यकताओं को पूरा करने की मांग मेयर ने मुख्यमंत्री से की।
सीएम ने वीडियो वाल को लाइव देखा
सीएम ने नगर निगम के नए भवन के अंदर का अवलोकन किया। आईसीसीसी सेंटर में बैठकर वीडियो वाल को लाइव देखा। उनके साथ उपायुक्त एवं करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ निशांत कुमार यादव ने केंद्र की खूबियों व तकनीकी जानकारी से अवगत कराया।
इनका हुआ लोकार्पण
नगर निगम करनाल का नया भवन 16 करोड़
एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केेंद्र 153 करोड़
इनका किया उद्घाटन
नीलोखेड़ी के सामान्य अस्पताल में 250 लीटर प्रति मिनट क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट
घरौंडा की सीएचसी में 600 लीटर प्रति मिनट क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट
इनका हुआ शिलान्यास
- शहर के पार्कों में ओपन एयर जिम 4.50 करोड़
- सेक्टर-6, 13 व 14 की ग्रीन बेल्ट पार्क 2.34 करोड़
- नमस्ते चौक से मीरा घाटी चौक तक विकास व सुंदरीकरण 4.83 करोड़
- हांसी चौक से नमस्ते चौक तक सड़क का सुदृढ़ीकरण 4.86 करोड़
- राम नगर व बूढ़ा खेड़ा में डिजिटल लाइब्रेरी 71.23 लाख