पूंडरी पुलिस चौकी से महज कुछ ही कदम की दूरी पर पानी की टंकी वाली मार्केट में सुबह लगभग सवा सात बजे दुकान पर फायरिंग कर दी गई। दस फायर कर दुकान के दरवाजे के शीशी तोड़ दिए गए। घटना थाने से 50 मीटर दूर हुई। अपराध रोकने का ढकोसला पीटने वाली पुलिस को फायरिंग की भनक तक नहीं लगी। यही वजह रही कि फायरिंग करने वाले आसानी से भाग गए।
दो अज्ञात युवक बाइक से बाजार आते हैं और दुकान की सफाई कर रहे दुकान मालिक प्रतिक नागपाल को पर्ची थमाते हैं। ये दुकानदार बिस्किट और नमकीन का थोक विक्रेता है। इसी बीच चेतावनी के तौर पर दुकान के मुख्य दरवाजे के गेट पर लगे शीशे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो जाते हैं। दुकान का नाम है मैसर्ज सुमन इंटरप्राइजिज। फायरिंग से पहले दुकानदार को जो पर्ची थमाई जाती है। उस पर लिखा होता है 50 लाख रुपये पहुंचा दे नहीं तो अगला रिजल्ट तेरी मौत होगा। पर्ची के ऊपरी हिस्से में लिखा हुआ है अंकुश कमालपुरा गैंग।
हैरानी की बात ये है कि हमलावरों ने एक भी गोली दुकानदार पर न चलाकर सभी गोलियां दुकान पर चलाईं। जिससे ज्ञात होता है कि हमलावर दुकानदार को डराने ही आए थे। एक तरह से चेतावनी के तौर पर फायरिंग की है। अन्यथा वे दुकानदार पर भी फायरिंग कर सकते थे।
पूंडरी के इस दुकानदार पर चली ताबड़तोड़ गोलियों को कुछ लोग कुछ अलग ही एंगल से लेकर भी बातें कर रहे हैं। जो भी होगा मामला पुलिस जांच के बाद ही पता चल पाएगा, लेकिन फिलहाल दुकानदार प्रतीक नागपाल डरा व सहमा हुआ है।
दुकान पर फायरिंग सुबह 7.20 पर की गई। इसके बाद 10.40 बजे व्हाट्सएप पर कॉल आई। पुलिस को दी शिकायत में प्रतीत ने बताया कि सुबह लगभग सवा सात बजे उनकी दुकान पर गोलीबारी करने के बाद 10 बजकर 40 मिनट पर उनके नंबर पर व्हाट्सएप कॉल से एक बाहरी नंबर से फोन आया कि रुपये दे दो। वरना ठीक नहीं होगा। इस धमकी से वह डरा हुआ है।