कैथल। राज्यपाल रविवार को जिस जगह पर हनुमान जी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे, उस जगह से कुछ ही दूरी पर स्थित एक हेयर सैलून की दुकान में दो युवकों ने शनिवार रात्रि तोड़फोड़ कर डाली। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है।
दुकानदार सुनील ने बताया कि वह शनिवार रात्रि दुकान का शीशे वाला दरवाजा बंद करके किसी काम से गया था। पीछे से दो युवक आए और उसे फोन पर दुकान पर पहुंचने की बात कही। उसने कहा कि वह दूर होने की वजह से नहीं पहुंचा पाया। इसके बाद इन युवकों ने उसे फोन पर धमकी दी। युवकों ने कहा कि दुकान पर आ जाओ, अन्यथा दुकान को आग लगा देंगे। इसके बाद फोन बंद हो गया। वह यह धमकी सुनकर जैसे ही दुकान पर पहुंचा तो उसने देखा कि दुकान के शीशे टूटे हुए थे। अंदर भी काफी तोड़फोड़ की हुई थी। इसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया।
उधर, एक बार तो दुकान में तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही पुलिस में भी हड़कंप मच गया। क्योंकि जिस जगह पर यह दुकान है, उससे चंद मीटर की दूरी पर रविवार को राज्यपाल हनुमान की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंच रहे हैं।
एसएचओ सिटी रोहताश ने कहा कि दुकानदार का कहना है कि उसने इन युवकों से तीस रूपये लेने थे। जब उसने इस बारे में टोका तो वे कहते थे कि वह उनकी बेइज्जती कर रहा है। शनिवार रात्रि वह दुकान पर नहीं था तो पीछे से तोड़फोड़ कर दी। दोनों युवकों को पुलिस थाने ले जाया गया है। मामले की जांच जारी है।