कैथल। गांव कैलरम और तितरम में बाबा ठंडूनाथ की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आयोजित किए जा रहे महायज्ञ में सोमवार का दिन अहम रहेगा। इस दिन गांव कैलरम और तितरम में हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके लिए आयोजन समिति ने विशेष रूप से दिल्ली से 90 हजार रुपये प्रति घंटे की दर से तीन घंटे के लिए हेलिकॉप्टर बुक करवाया है। वहीं कोलकाता से विशेष रूप से 525 किलो गुलाब और गेंदे के फूल मंगाए गए हैं।
गांव कैलरम स्थित डेरा में बाबा ठंडूनाथ और देवी देवताओं की मूर्ति स्थापित की जानी है। इसके लिए 18 से 28 मार्च तक महंत बाबा बालक नाथ की देखरेख में गांव की आयोजन समिति महायज्ञ का आयोजन करवा रही है। मुख्य कार्यक्रम में 28 मार्च को सुबह 10 बजे हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा होगी। इसके लिए कैलरम और तितरम के वासियों ने अपने-अपने गांवों में अच्छी सफाई व गांव की गलियों को लड़ियों से सजाया हुआ है। तितरम गांव के सरपंच महाबीर ने बताया कि गांव में पुष्प वर्षा के लिए दिल्ली से हेलिकॉप्टर मंगवाया गया है। यह हेलिकॉप्टर 90 हजार रुपये प्रति घंटे के हिसाब से लगभग साढ़े तीन घंटे के लिए गांव कैलरम में पहुंचेगा।
हेलिकॉप्टर पुष्प वर्षा करते हुए गांव कैलरम और तितरम के 10-10 चक्कर लगाएगा। महंत बालक नाथ जी हेलीकॉप्टर में सवार होंगे और पुष्प वर्षा कर ग्रामीणों को आशीर्वाद देंगे। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद होंगे। 28 मार्च के कार्यक्रम के लिए 12 एकड़ में टेंट लगाया गया है, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों के लिए भंडारे की तैयारियां की जा रही हैं।