The rioters who came to ask for 50 lakh extortion fired, the glass of the shop was broken
- फोटो : Kaithal
बाइक सवार दो दबंग नमकीन के थोक विक्रेता प्रतीक की दुकान पर मंगलवार सुबह सवा सात बजे आ धमके। दबंगों ने दुकानदार से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। यही नहीं रंगदारी नहीं देने पर गलत अंजाम भुगतने की लिखी पर्ची भी दुकानदार को थमा दी और दुकान के दरवाजे पर दस राउंड फायरिंग की। जिससे दुकान के दरवाजे के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना पूंडरी थाने से 50 मीटर दूर हुई। घटना से दुकानदार सहम गए और आसपास दहशत फैल गई। एसपी लोकेंद्र सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण कर खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगा दी हैं।
पूंडरी की टंकी मार्केट में दुकानदार प्रतीक सुबह के समय दुकान खोलकर सफाई कर रहा था। इसी दौरान बाइक से दो दबंग आए और दुकानदार को पर्ची थमाई। जिसमें लिखा था कि 50 लाख रुपये पहुंचा दे, नहीं तो अब तेरी मौत होगी। धमकी देने के बाद दबंगों ने 10 राउंड फायर कर दिए, जो दुकान के दरवाजे और शीशे पर लगे। फायरिंग करते ही दोनों दबंग बाइक से भाग गए। दुकानदार इस हमले में बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। डीएसपी कुलवंत सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सीआईए की दोनों टीम और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और सारे सबूत जुटाए में लग गईं। इसके बाद एसपी लोकेंद्र सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा कर जानकारी जुटाई।
बाद में पुलिस को दी शिकायत में दुकानदार प्रतीक ने बताया कि वह सुबह अपनी दुकान का शटर खोलकर दुकान की सफाई करने में लगा हुआ था, कि इतने में दो युवक आए और उनको पर्ची थमा दी। जिस पर लिखा हुआ था कि 50 लाख रुपये दे नहीं तो अगला रिजल्ट तेरी मौत होगा। बाइक पर सवार छोटे कद के दूसरे नकाबपोश ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। उसने दूसरी दुकान में छुप कर अपनी जान बचाई। इसके बाद लगभग 10 बजकर 40 मिनट पर उनके व्हाट्सएप पर कॉल आई और उनसे पचास लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ धारा 307/387 /34 आईपीसी व 25-54-59 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि अज्ञात हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। पुलिस आसपास के कैमरों को खंगालने में जुटी हुई है। दुकानदार प्रतिक नागपाल घबराया हुआ है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए-1, सीआईए-2 और थाना पूंडरी की टीमों का गठन किया गया है। टीमों को जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं।