कलायत। कैंची चौक पर हरियाणा रोडवेज की बस की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई जबकि युवक घायल हो गया। युवक ने बस चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की टक्कर के बाद ड्राइवर स्कूटी को घसीटता हुआ आगे ले गया। यह देख बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए और बस के नीचे फंसे घायल युवक और महिला को बाहर निकाला। बाद में महिला की मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ निवासी पदुम लाल सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो साल से गांव मटौर निवासी सुभाष के खेत में मजदूरी करता है। शनिवार सुबह वह सुभाष के भाई धर्मबीर की स्कूटी लेकर सुभाष की मौसी राजो को कलायत में दूध देने आया था। राजो ने उससे कहा कि उसे गांव मटौर में किसी व्यक्ति की मौत पर शोक व्यक्त करने जाना है। वह करीब आठ बजे मौसी राजो को स्कूटी पर बैठाकर गांव मटौर के लिए निकला। जब वे लोग चौक पार कर रहे थे तो नरवाना की ओर से तेज रफ्तार से आ रही हरियाणा रोडवेज सिरसा की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। वे स्कूटी सहित बस के नीचे फंस गए। बस ड्राइवर उन्हें काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर जमा हुए लोगों ने उन दोनों को बस के नीचे से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। कलायत के सरकारी अस्पताल में उनकी मरहम पट्टी करके उन्हें कैथल के लिए रेफर कर दिया। राजो देवी को गंभीर चोटें आईं थीं। यह देख कैथल अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। राजो देवी ने क्योडक गांव के पास रास्ते में दम तोड़ दिया। वे राजो को लेकर वापस कैथल अस्पताल में आए जहां चिकित्सकों ने राजो देवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
चौक पर लगी लाइट बनी हैं सफेद हाथी
कलायत के अति व्यस्त कैंची चौक पर नगरपालिका ने लाइट लगवाई थीं। कैंची चौक के दुकानदारों ने बताया कि जब से ये लाइटें लगी हैं, तभी से ही ये बंद पड़ी हैं। दुकानदारों ने कहा कि कैंची चौक कलायत नगर का अति व्यस्त चौक है और रोडवेज के चालक पूरी तेज रफ्तारी से चौक से बसें निकालते हैं। इससे दुर्घटनाएं होने की सदैव आशंका रहती हैं। आरोप लगाते हुए कहा कि शनिवार सुबह हुई दुर्घटना के लिए भी हरियाणा रोडवेज का चालक पूरी तरह से जिम्मेदर है। दुकानदारों ने मांग की है कि लाइटों को तत्काल प्रभाव से सुचारू किया जाए ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।