फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छह लोगों के ओमिक्रॉन जांच के लिए भेजे सैंपल, शुक्रवार को आ सकती है रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
दुबई से 15 दिन पहले लौटा पूंडरी निवासी एक युवक वीरवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। फिलहाल इस युवक को घर में ही आइसोलेट कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या दो हो गई है। बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से कोरोना के नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। दूसरी ओर जिले के छह व्यक्तियों के सैंपल ओमिक्रॉन की जांच के लिए रोहतक भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आने की संभावना है। ये सभी व्यक्ति सैन फ्रांसिस्को से आई फ्लाइट में पॉजिटिव पाए गए केरल के दो व्यक्तियों के संपर्क में आए थे। फिलहाल इन्हें सिविल अस्पताल में ही दाखिल किया गया है।
विज्ञापन

कोरोना मुक्त होने के बाद एकबार फिर जिले में महामारी का खतरा मंडराने लगा है। एक के बाद एक दो संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद अब विभाग को ओमिक्रान जांच के लिए भेजे गए छह सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है। विभाग ने इनकी जांच रिपोर्ट अगले 24 घंटे में आने की बात कहते हुए इन्हें आइसोलेट कर दिया है। वहीं विदेश से लगातार आ पहुंच रहे लोगों पर भी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से नजर रखी जा रही है। वीरवार को भी विदेश से 44 लोग लौटे हैं, जिनकी एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से नजर रखी जा रही है। विदित हो कि ओमिक्रॉन का नया वैरियंट सामने आने के बाद जिले में अब तक 1100 से ज्यादा व्यक्ति विदेशों से वापस लौटे हैं।
सिविल सर्जन डॉक्टर जयंत आहूजा ने बताया कि ओमिक्रॉन की पुष्टि के लिए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में रीजनल लैब बनाई गई है। वहां किसी व्यक्ति में नए वैरिएंट की जांच करवाने की प्रक्रिया काफी जटिल होती है। सीधे तौर पर मरीजों को इसकी जांच करवाने की जरूरत नहीं होती है। विभाग की ओर से ही सैंपल लेकर संबंधित व्यक्ति की पुष्टि करवाई जाती है।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि बुधवार को जिले के गांव बुढ़ा खेड़ा और सिरसल निवासी छह व्यक्ति सैन फ्रांसिस्को से लौटे हैं, जिस फ्लाइट में ये छह व्यक्ति आए हैं, उसमें केरल के दो व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। ऐसे में विभाग ने इन मरीजों की कोरोना संक्रमित होने या न होने की पुष्टि के लिए सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। गांव बुढ़ा खेड़ा के चार व सिरसल के दो व्यक्ति इनमें शामिल हैं।
पहले दिल्ली भेज रहे थे सैंपल, सभी रिपोर्ट आई है निगेटिव
कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में कोरोना के मरीजों की जांच के लिए आरटीपीसीआर लैब बनाई गई है, लेकिन नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की जांच की सुविधा अभी जिले में नहीं है। यहां केवल पॉजिटिव या निगेटिव होने की पुष्टि की जा रही है, जो संदिग्ध व्यक्ति बाहर से आ रहे हैं, उनकी जांच के लिए विभाग रोहतक सैंपल भेज रहा है। अब से पहले सैंपल दिल्ली भेजे गए थे, जिनमें से सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
टीकाकरण का डीसी ने किया निरीक्षण
डीसी ने वीरवार को शहर के डोगरा गेट पर हो रहे टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को इसमें लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से भी टीकाकरण के लिए आगे आने की अपील की। इस मौके पर सीटीएम अमित कुमार, रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल के अलावा अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें