कैथल। आरकेएसडी कॉलेज में तीन दिन से जारी जोनल यूथ फेस्टिवल का सोमवार को देर सायं समापन हो गया। फेस्टिवल की विभिन्न विधाओं में स्थान पाने पर आरकेएसडी स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैथल ने 44वें जोनल यूथ फेस्टिवल की ओवरऑल ट्राफी जीत ली। इसके साथ-साथ कॉलेज की टीमों की ओर से दी गई प्रस्तुतियों ने पांच में से चार ट्राफी पर कब्जा किया। अंतिम दिन पारितोषिक वितरण समारोह के मुख्य अतिथि कैथल के एसपी लोकेंद्र सिंह रहे।
कॉलेज पहुंचने पर प्रबंधक समिति एवं आरवीएस के प्रधान साकेत मंगल एडवोकेट, आरवीएस के उपप्रधान अश्वनी शोरेवाला, प्रबंधन समिति के उपप्रधान नरेश शोरेवाला, प्रबंधक समिति एवं आरवीएस के महासचिव पंकज बंसल, आरवीएस के कोषाध्यक्ष सुनील चौधरी, प्रबंधन समिति के कोषाध्यक्ष श्याम बंसल, प्राचार्य डॉ. संजय गोयल, डॉ. सत्यवीर मैहला, कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अशोक अत्रि व संयुक्त सचिव डॉ. जयवीर धारीवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अंतिम दिन सभी 5 वर्गों की 9 विधाओं को पूर्ण करवाया गया।
मुख्य अतिथि एसपी लोकेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को इस प्रकार की गतिविधियों में अवश्य भाग लेना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन को बधाई भी दी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने एसपी लोकेंद्र सिंह के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। समापन अवसर पर कॉलेज प्रबंधन व अतिथियों ने मिलकर 42 विधाओं के विजेताओं एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को ट्राफी एवं प्रमाणपत्र दिए। तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को भी प्रमाणपत्र दिए गए। कार्यक्रम में मंच का संचालन डॉ. गीता गोयल, प्रो. रचना सरदाना, पूजा गुप्ता, रितु वालिया, श्रीओम, एसपी वर्मा, सुरूची शर्मा व रिचा लांग्यान ने किया। सभी परिणामों का लेखाजोखा डॉ. सूरज वालिया ने, फाइल प्रबंधन शिल्पी अग्रवाल एवं उनकी टीम ने व पंजीकरण डॉ. मंजुला एवं टीम ने किया। कार्यक्रम का कॉलेज की वेबसाइट पर ऑनलाइन प्रसारण किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों में हरियाणवी कार्यक्रमों को महत्व दिया।
RKSD College was overall winner in Zonal Youth Festival- फोटो : Kaithal
RKSD College was overall winner in Zonal Youth Festival- फोटो : Kaithal