हरियाणा के सहकारिता मंत्री बनवारी लाल ने शुक्रवार को शुगर मिल के 31वें पिराई सत्र के शुभारंभ किया। उन्होंने मशीन में गन्ना डालकर इसकी शुरूआत की। हर रोज 25 हजार क्विंटल गन्ने की पिराई की जाएगी। सहकारिता मंत्री ने हवन में आहुतियां डालीं। सभी शुगर मिलों में एथेनॉल प्लांट लगाने जा रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शाहबाद शुगर मिल से इसकी शुरूआत भी करा दी है और जल्द ही ये कैथल में 120 केएलपीडी यानि किलोलीटर प्रति दिन क्षमता का प्लांट लगाया जाएगा। कई शुगर मिलों में बिजली, रिफाइंड शुगर, गुड़ व शक्कर बनाने की व्यवस्था कर दी गई है। कैथल मिल में इस वर्ष 45 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जोकि पिछले वर्ष से कहीं अधिक है। हरियाणा में अब अगेती किस्म का भाव 362, मध्यम का 355 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। यदि अन्य प्रदेश भी गन्ने के भावों में बढ़ोत्तरी करेंगे तो हमारा प्रदेश भी भावों में वृद्धि करेगा। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जो किसान प्रीमियम नही भरते थेे, सरकार द्वारा 2 एकड़ तक का प्रीमियम सरकार भरेगी, जबकि 5 एकड़ तक के किसानों की 50 प्रतिशत प्रीमियम सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
हरियाणा शुगर फेडरेशन के चेयरमैन एवं शाहबाद के विधायक रामकरण ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश की शुगर मिलों को बेहतरीन व्यवस्था दी है। पर्यटन निगम के चेयरमेन एवं पूंडरी विधायक रणधीर सिंह गोलन ने मुख्यातिथि सहित सभी का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा के किसानों की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि करने के लिए हरियाणा सरकार निरंतर काम कर रही है।
डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि कैथल शुगर मिल को वर्ष 2019-20 के दौरान दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के दृष्टिगत 16 नवंबर को नई दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले भी वर्ष 2016-17 व 2018-19 में तकनीकी दक्षता और क्षमता में उत्कृष्ट और सराहनीय प्रदर्शन के चलते केंद्र सरकार द्वारा शुगर मिल को सम्मानित किया जा चुका है।
शुगर फेड के एमडी जितेंद्र कुमार, डीसी प्रदीप दहिया, एसपी लोकेंद्र सिंह, एमडी शुगर मिल सतिंद्र सिवाच, जीएम रोडवेज अजय कुमार, आरटीए सत्यवान सिंह मान, डीडीए डॉ. कर्मचंद, जेजेपी के जिलाध्यक्ष रामफल खुराना, राजपाल ढुल, शमशेर सिंह, नछत्तर सिंह, राजेश्वर, बलराज, बिक्रम, जितेंद्र कौशिक, राजपाल सिंह, रवि भूषण, एए सिद्धिकी, कमलकांत तिवारी, अजय वर्मा, सतपाल शर्मा सहित अधिकारी व पदाधिकारी, काफी संख्या में किसान मौजूद रहे। मंच का संचालन डीआईपीआरओ धर्मवीर सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में एमडी शुगर मिल सतिंद्र सिवाच ने आए हुए सभी मेहमानों का आभार व्यक्त किया।