गुहला विधायक देवेंद्र हंस और पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर।
- फोटो : संवाद
हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी शुरू हो गई। कैथल के गुहला हलके में भी नेताओं में तीखे जुबानी हमले हो रहे हैं। एक तरफ जहां विपक्ष पार्टी से नवनिर्वाचित विधायक देवेंद्र हंस ने पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर का बिना नाम लिए ही उन्हें घेरा। वहीं, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने भी विधायक देवेंद्र हंस पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद उनके विधायक बौखलाए हुए हैं। इसलिए उनके पास कहने को कुछ नहीं है। इस कारण वे ऐसे अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं।
बता दें कि नवनिर्वाचित विधायक देवेंद्र हंस ने शुक्रवार को गुहला के लोक एवं निर्माण विभाग के विश्राम गृह में अपने समर्थकों के साथ बैठक लेने पहुंचे थे। इस मौके पर विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि चुनाव के दौरान गुहला हलका की जनता ने उन्हें जो प्यार व आशीर्वाद दिया है, उसके लिए वे सदा लोगों के ऋणी रहेंगे। उन्होंने पूर्व विधायक पर कहा कि गुहला की जनता ने पूर्व विधायक को पूरी तरह से नकार दिया है। ऐसे में वे मीडिया में खुद को विधायक बताना बंद करें।
10 वर्षों में हलके में कुछ नहीं हुआ
कहा कि अधिकारी भी जनता की ओर से नकारे जा चुके लोगों के दबाव में आना बंद कर ईमानदारी से काम करें। विधायक ने कहा कि सरकार की तरफ से उन्हें जो भी सुविधा मिलेगी वे सब सुविधाएं उनकी न होकर गुहला की जनता की होगी। हंस ने कहा कि विकास के मामले में हलका गुहला की हालत बहुत खराब है। घग्गर पार के गांवों व बाढ़ की जद्द में आने वाले दर्जनों गांवों की सड़कों की हालत इतनी खस्ता है कि उन पर चलना मुश्किल है। पिछले 10 सालों में इस तरफ किसी भी जनप्रतिनिधि ने ध्यान नहीं दिया। गुहला हलका के विकास के लिए वे सरकार के समक्ष विशेष पैकेज की मांग रखेंगे।
बिना रोक टोक होंगे हलके के काम
उधर, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी। ऐसे में प्रदेश में कांग्रेस को मिली हार के बाद उसके विधायक बौखलाए हुए हैं। उनके पास कहने को कुछ नहीं है, जिसके चलते वे अनापशनाप आरोप लगा रहे हैं। बाजीगर ने कहा कि पूरे गुहला हलके के लोग उनके अपने हैं और वे सभी से प्यार करते हैं। भाजपा सरकार में जनता के सभी तरह के काम बिना किसी रोक टोक के होंगे।