Pen drive with paper leak was caught but two accused still away from grip
- फोटो : Kaithal
पुलिस ने दस दिन की रिमांड के बाद पेपर लीक कांड में कश्मीर से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इससे पहले रिमांड के दौरान धरे गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपियों में शामिल मोहम्मद अफजल और मुजफ्फर अहमद की गिरफ्तार के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी है। हालांकि पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी जितेंद्र के कब्जे से वह पेन ड्राइव बरामद की है, जिसके माध्यम से पेपर लीक किया गया था। साथ ही हार्ड डिस्क और मोबाइल भी बरामद किया है।
विदित हो कि पुलिस ने कश्मीर के पुलवामा क्षेत्र में स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारी जितेंद्र, मैनेजर राकेश और वहां से प्रश्नपत्र हासिल करने के आरोपी एजाज को दस दिन पहले गिरफ्तार करके कैथल न्यायालय में पेश किया था। जहां से उन्हें पूछताछ के लिए दस दिन के रिमांड पर लिया गया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दस दिनों के रिमांड के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को कश्मीर ले जाकर उनके द्वारा बताए गए ठिकानों पर छापामारी की। पुलिस का मुख्य प्रयास था कि आरोपी मोहम्मद अफजल व मुजफ्फर अहमद डार की गिरफ्तारी की जाए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दस दिन की रिमांड के बाद तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी जितेंद्र से एक पेन ड्राइव, एक हार्ड डिस्क व एक मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस की एक टीम अभी कश्मीर में है जो मोहम्मद अफजल व मुजफ्फर अहमद की गिरफ्तारी के लिए छापामार कार्रवाई कर रही है।