जिले की सभी सरकारी व निजी आईटीआई में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया आज से शुरू होगी। विद्यार्थी विभिन्न ट्रेडों में दाखिले के लिए 30 सितंबर तक पंजीकरण करवा सकेंगे।
हालांकि दाखिले से संबंधित आगामी अनुसूची अभी तक जारी नहीं की गई है, लेकिन विभिन्न आईटीआई में करीब छह हजार सीटों पर 20 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त होने की संभावना जताई जा रही है। जिले में इस बार कक्षा 10वीं में 17896 विद्यार्थी व 12वीं में 13592 विद्यार्थी पास हुए हैं। 12वीं में पास हुए विद्यार्थियों में से काफी ने तो कॉलेजों में दाखिले के लिए फीस जमा करवा दी है, लेकिन काफी विद्यार्थी आईटीआई में दाखिले का इंतजार कर रहे हैं।
जिले में 9 राजकीय और 10 निजी आईटीआई हैं। इनमें हर बार करीब 6 हजार विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाता है। राजकीय आईटीआई कैथल, राजकीय आईटीआई महिला कैथल, पूंडरी, महिला पूंडरी, कलायत, गुहणा, गुहला-चीका, राजौंद व पबनावा में सरकारी आईटीआई हैं। इसके अलावा कैथल, ढांड, पूंडरी, बाता, कुतबपुर, पाडला, मागोमाजरी व राजौंद में निजी आईटीआई हैं। सरकारी आईटीआई में फीस नाममात्र है, जबकि लड़कियों की फीस पूरी तरह माफ है।
दसवीं व बारहवीं की अंकतालिका, जाति प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, बैंक खाता की प्रति, रंगीन फोटो, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, मोबाइल नंबर व ई-मेल आईडी।
आईटीआई के जिला जिला नोडल अधिकारी एवं राजकीय आईटीआई कैथल के प्रधानाचार्य सतीश मच्छाल ने बताया कि दाखिले की तैयारियां पूरी हैं। विद्यार्थियों की सहायता के लिए संस्थानों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। विद्यार्थी जल्द से जल्द पंजीकरण करवाएं।
कॉलेजों में फीस जमा करवाने का कार्य जारी है। विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से फीस जमा करवाई जा रही है। आरकेएसडी कॉलेज के दाखिला कमेटी के ओवरऑल इंचार्ज डॉ. अनिल नरुला एवं नोडल अधिकारी डॉ. सूरज वालिया ने बताया कि सभी संकायों में 345 सीटों पर दाखिला हो गया है। दूसरी सूची 21 सितंबर को लगेगी।