कैथल। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के तहत प्राइवेट सेंटरों के बजाय अब आईटीआई में शार्ट कोर्स होंगे। यह कोर्स दो से छह माह के होंगे। इससे आईटीआई का दायरा भी बढ़ेगा। जिले में इसके लिए कैथल आईटीआई का चयन किया गया है। शुरुआती दौर में दो नए कोर्स शामिल किए गए। रुझान बढ़ने और कोर्स के हिसाब से डिमांड आने पर भविष्य में वे भी कोर्स शुरू होंगे।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमएसडीसी) से जोड़ने जा रही है। फरवरी के मध्य हरियाणा कौशल विकास विभाग के मंत्री मूलचंद शर्मा की मौजूदगी में आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी और केंद्र सरकार के अधिकारियों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक हुई थी। इसमें चर्चा हुई कि प्रदेश की 414 आईटीआई में 76 प्रकार के इंजीनियरिंग और नॉन इंजीनियरिंग कोर्स करवाएं जा रहे हैं। आईटीआई का दायरा बढ़ाते हुए इनमें शॉर्ट टर्म कोर्स पीएमकेवीआई के तहत करवाएं जाएंगे। इससे पहले पीएमकेवीवाई के तहत कोर्स प्राइवेट सेंटरों में करवाएं जाते रहे हैं। तर्क दिया गया था कि कम अवधि के कोर्स न होने की वजह से युवा वर्ग कौशल विकास से वंचित रह रहा था। युवाओं को आईटीआई में प्रशिक्षण मिलने की यह कमी अब पूरी होने की उम्मीद है। आईटीआई में आधुनिक उपकरण व मशीनों से सुसज्जित वर्कशॉप में विद्यार्थियों को अच्छी ट्रेनिंग दी जा सकेगी।
-
पहले ये दो कोर्स होंगे शुरू, 80-80 सीटें निर्धारित
कैथल जिले में योजना के तहत कैथल आईटीआई का चयन किया गया है। शुरुआती समय में दो कोर्स लाइनमैन डिस्ट्रीब्यूशन और एलईडी रिपेयर एंड टेक्नीशियन वर्क का कोर्स करवाया जाएगा। प्रत्येक एक कोर्स के लिए 80-80 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके लिए आवेदनकर्ता की 18 साल से अधिक आयु होनी चाहिए। इसके लिए उम्मीदवार 31 मार्च तक एसकेआईएलएलआईएनडीआईएडॉटजीओवीडॉटआईएन साइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इन शॉर्ट टर्म कोर्स का नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार को नियुक्त किया गया है।
जिला नोडल अधिकारी एवं राजकीय आईटीआई कैथल के प्रधानाचार्य सतीश मच्छाल ने बताया कि आईटीआई को एनएसडीएम से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ फरवरी में ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस हुई थी। बैठक में जिले से कैथल आईटीआई का चयन हुआ था। इसके बाद अब शेड्यूल आया है। पीएमकेवीवाई के तहत दो शॉर्ट टर्म कोर्स चयन किया गया है। उम्मीदवार 31 मार्च तक साइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।