Medical store raided, irregularities found
- फोटो : Kaithal
जिला औषधि नियंत्रक कार्यालय की टीम ने माता गेट स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस दौरान स्टोर में काफी अनियमितताएं पाई गईं। हालांकि यह छापा मेडिकल स्टोर में नशे की दवाइयां बेचने की सूचना पर मारा गया था, लेकिन मौके पर कोई नशे की दवा नहीं मिली। फिर भी जांच के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक ड्रग एंड कास्मेटिक एक्ट का उल्लंघन करते पाया गया, जिसे मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने आगामी कार्रवाई के लिए नोटिस जारी करने का निर्णय लिया।
जांच के दौरान स्टोर में रखी दवाइयों पर काफी मात्रा में धूल चढ़ी पाई गई। मौके पर पहुंची टीम ने दवाइयों के सैंपल लिए, ताकि उन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जा सके। जब अधिकारियों ने रिकॉर्ड की जांच की तो वह भी सही नहीं पाया गया। यहां तक कि स्टोर में दवाइयां बेचने का लाइसेंस तक दर्शाया नहीं गया था, जो हर मेडिकल स्टोर में दर्शाया जाना अनिवार्य है।
जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी मंदीप मान ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उक्त स्टोर संचालक नशे की दवाई बेचता है, जब उन्होंने छापा मारा तो नशे की दवाई मौके पर नहीं पाई गई। स्टोर में ड्रग एंड कास्मेटिक एक्ट का उल्लंघन पाया गया। दवाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिए गए हैं। दवा विक्रेता को नोटिस जारी कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।