कलायत। कलायत में केबल नेटवर्क संचालक मनोज शर्मा हत्या चार साल पहले होली के पर्व पर हुई रंजिश के कारण की गई है। इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी कलायत निवासी सुखवंत उर्फ रिठा और रघवीर उर्फ सोनू निवासी कलायत को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ के लिए पुलिस को पांच दिन का रिमांड दिया है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त की गई गाड़ी, मोटर साइकिल, स्कूटी, देसी पिस्तौल, मृतक का मोबाइल व अन्य सामान बरामद करने को हर कवायद करेगी। हत्या में प्रयोग की गई पिस्तौल को कहां से लाया गया। हत्या में क्या कोई और लोग भी शामिल हैं। इस पर भी पुलिस की छानबीन जारी है।
पुलिस कप्तान मकसूद अहमद ने बताया कि थाना प्रबंधक कलायत इंस्पेक्टर बलदेव सिंह की टीम द्वारा कलायत निवासी मनोज की हत्या मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मृतक मनोज शर्मा की पत्नी मोनिका निवासी वार्ड नौ कलायत की शिकायत पर इस संबंध में दो अप्रैल को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने तत्परता से मामले पर संज्ञान लिया। इस दौरान तीन अप्रैल को नरवाना के पास सिरसा ब्रांच नहर में शव मिलने की सूचना कलायत पुलिस को मिली। नेटवर्क संचालक मनोज शर्मा मूल रूप से कस्बा सीवन का रहने वाला था।
पिछले 15 वर्ष से वह कलायत में रह रहा था। बताया जा रहा है कि करीब चार वर्ष पहले हत्या के आरोपी रीठा से होली उत्सव के दिन मनोज की कहासुनी हो गई थी। यह कहासुनी उस दौरान निपट गई और रीठा अकसर मनोज के साथ मिलना जुलना रखता रहा। हाल-फिलहाल में दोनों के बीच पैसे को लेकर भी विवाद हो गया। इस तरह पुरानी रंजिश और पैसों की लेनदेन के कारण आखिरकार मनोज शर्मा की हत्या की गई। जघन्य हत्या के इस मामले में मनोज शर्मा की पत्नी मोनिका के साथ-साथ हर तरफ से ठोस कानूनी कार्रवाई की मांग उठ रही है।