विजिलेंस अंबाला की टीम ने कैथल बिजली निगम में एक जेई के निजी सहायक व निगम के माली को नौ हजार रुपये की रिश्वत सहित गिरफ्तार किया है। इन पर एक किसान से ट्रांसफार्मर रखने के नाम पर वसूली का आरोप है। जांच में जेई व एक अन्य बिचौलिए का भी नाम सामने आया है। मामले में जेई समेत चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
डीएसपी विजिलेंस अजय कुमार ने बताया कि गांव मलिकपुर के जसबीर ने शिकायत दी थी कि खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई है। शिकायत मिलने पर विजिलेंस की टीम ने पूरी योजना बनाकर जसबीर को नौ हजार रुपये देकर भेज दिया। जसबीर ने जेई नरेश के निजी सहायक परमजीत सिंह ऊर्फ पम्मा को देने की बात कही।
पम्मा ने ये रुपये माली पवन को देने की बात कही। इसके बाद जसबीर ने नौ हजार रुपये की राशि माली पवन कुमार को दे दी। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने मौके से परमजीत ऊर्फ पम्मा व माली पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी विजिलेंस ने बताया कि जांच में जेई नरेश कुमार व एक अन्य बिचौलिये मदन का भी नाम आ रहा है। फिलहाल विजिलेंस की टीम ने इन दोनों को गिरफ्तार कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले में जेई समेत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह में कैथल में विजिलेंस की यह तीसरी रेड है। इससे पूर्व एक पटवारी व सहायक को विजिलेंस की टीम काबू कर चुकी है। वहीं सिविल लाइन पुलिस थाने में कार्यरत एक महिला कांस्टेबल अभी फरार चल रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए भी विजिलेंस की टीम ने दबिश दी थी।