कैथल। दो युवकों ने सीवन रोड बाईपास नाका पर शनिवार रात्रि ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मचारियों से मारपीट की और उनमें से एक की वर्दी फाड़ दी। इसके बाद उन्होंने दूर खड़े होकर पुलिस पर पथराव भी किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सीवन नाका पर तैनात एएसआई सुभाष चंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सीवन नाका पर गार्द इंचार्ज है। शनिवार रात करीब आठ बजे वह पुलिस कर्मचारी रतन लाल व मंजीत के साथ वह नाके पर ड्यूटी कर रहा था। आरोप है कि इस दौरान महादेव कॉलोनी निवासी विक्रम ने नशे की हालत में आकर उनसे मारपीट शुरू कर दी और उसकी वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद कुछ दूर खड़े होकर उन पर पत्थर भी फेंके और मौके से भाग गए। आरोपियों ने उनसे मारपीट के साथ पुलिस की ड्यूटी में बाधा डाली। इस मारपीट में तीन पुलिस कर्मचारियों को गुम चोटें लगी हैं। थाना शहर प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।