कैथल। स्वास्थ्य विभाग कोरोना के नए वैरिएंट से जिले वासियों के बचाव के प्रबंधों को पुख्ता करने में जुटा है। हालांकि नए वैरिएंट का कोई मरीज अभी तक जिले में नहीं पाया गया है, लेकिन विभाग ने जिले की शत-प्रतिशत आबादी को जल्द से जल्द वैक्सीन लगाने का निर्णय लिया है।
अधिकारियों ने जिले के 30 गांवों की शत प्रतिशत आबादी को अगले पांच दिन में वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयु के उन सभी लोगों को टीके लगाए जाएंगे, जिन्होंने अभी तक टीकाकरण नहीं करवाया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की बैठक के बाद अधिकारियों ने टीकाकरण को विस्तार देने का निर्णय लिया है।
पहले चरण में इन गांव में होना है टीकाकरण
टीकाकरण के लिए प्रथम चरण में गांव करोड़ा, मंडवाल, जाखौली, नंदकरण माजरा, सौंगल, सरोला, शादीपुर, जुनेदपुर, हरनोला, अगौंध, बलबेहडा, थेह नेवल, खरकां, प्रभावत, पोबाला, नैना, कौल, पबनावा, खुराना, कच्ची पिसौल, पाई, रमाणा-रमाणी, हजवाना, डीग, हाबड़ी, रामगढ़ पांडवा, दीवाल, खेड़ी लांबा, मटौर व कुराड़ को चयनित किया गया है। इन गांवों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। जिन व्यक्तियों ने पहले से ही कोविशील्ड या कोवैक्सीन का प्रथम टीका लगवा रखा है, उन्हें दूसरा टीका लगाया जा रहा है। अब तक टीकाकरण से वंचित रहे लोगों को पहला टीका लगाया जा रहा है।
इन गांवों को पूरी आबादी को लग चुका है पहला टीका
गांव जीतगढ़, फरल, खेड़ी मटरवा, रावनहेड़ा, डुलयानी, कठवाड़, डडवाना, चूहड़माजरा, ढांड, मुन्नारेहड़ी, खेड़ी सिकंदर, बीरबांगड़ा, नीमवाला, नरवल, सदरहेड़ी, सैर, थेह बुटाना, दुमाड़ा, रतनपुरा, पिंजूपुरा, कलासर, फर्शमाजरा, पोलड़, हिम्मतपुरा, खानपुर, डोहर, उझाना, करतारपुरा, मोहम्मदपुरा, सांघन, मालखेड़ी, सरकपुर, गोहरां व कसौली में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुरुषों एवं महिलाओं को पहला टीका लगाया जा चुका है। इन गांवों में ज्यादातर आबादी को दूसरा टीका भी लग चुका है।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि प्रशासन के साथ हुई विभाग की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि वैसे तो विभाग ने पांच दिन में टीकाकरण का लक्ष्य रखा है, लेकिन प्रयास है कि यह कार्य तीन दिन में ही हो जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए विभाग की टीमें गांवों में जाकर टीकाकरण कर रही हैं। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में आगे आकर टीकाकरण करवाएं और महामारी की रोकथाम में विभाग का सहयोग करें।
जिले में 10 लाख से अधिक लोगों को लग चुका है कोरोना का टीका
पूरे जिले में अब तक 10 लाख 45 हजार 410 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। बुधवार को 9 हजार 906 लोगों को टीका लगाया गया।