21-कैथल। ब्लाईंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए ढांड टीम के साथ एकत्रित डीएसपी रविंद्र सांगवान व नीच?
- फोटो : Kaithal
कैथल। गत 16 मई की रात को गांव कौल निवासी सुल्तान सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। शनिवार को न्यायालय में चारों आरोपियों को पेश कर दो को जेल भेज दिया गया। अन्य दो आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या का कारण मामूली कहासुनी है।
पुलिस लाइन भवन स्थित कार्यालय में डीएसपी रविंद्र सांगवान ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना ढांड इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार की टीम ने शुक्रवार की शाम सुल्तान सिंह की हत्या के मामले में अनाज मंडी कौल से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके नाम कौल निवासी रोहित, गौरव, राममेहर व विकास उर्फ गजां हैं।
गौरतलब है कि 16 मई की रात को लापता हुए गांव कौल निवासी सुल्तान सिंह का शव 17 मई को गांव के निकट ही खेतों में पड़ा मिला था। हत्या बड़ी बेरहमी से की गई थी। उसकी गुदा में लकड़ी भी ठूंसी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक सुल्तान सिंह के भाई रामफल की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। परिजनों के अनुसार, मृतक सुल्तान सिंह मेहनत मजदूरी करता था।
डीएसपी ने बताया कि हत्या के कारणों की पड़ताल की गई तो पता चला कि सुल्तान ने आरोपी राममेहर के साथ गालीगलौज की थी। इससे नाराज होकर उसने राममेहन ने अपने तीन साथी विकास, गौरव व रोहित के साथ मिलकर सुल्तान का अपहरण कर लिया था। बाद में कौल गांव के खेतों में ले जाकर मारपीट करते हुए परने (कपड़े) से गला घोंट कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में इतना गुस्सा था कि निर्दयता की हद पार करते हुए उन्होंने उसकी गुदा में लकड़ी डाल दी। डीएसपी ने बताया कि सभी आरोपी शनिवार को न्यायालय में पेश किए गए, जहां से आरोपी रोहित व गौरव को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं दो आरोपी राममेहर व विकास से व्यापक पूछताछ व वारदात में प्रयुक्त बाइक तथा परना व अन्य कपड़ों की रिकवरी के लिए न्यायालय से दोनों का दो दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है।