कैथल। पुलिस ने तीन दिन पहले भैणी माजरा स्थित एक घर से गिरफ्तार किए गए संजय समेत तीन युवकों में से दो को पुलिस रिमांड के बाद वीरवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों से तीन भर्तियों के लिए आवेदन फार्म की प्रति, आधार कार्ड और सात हजार रुपये बरामद किए हैं।
विदित रहे कि सीआईए-2 की टीम गांव भैणी माजरा स्थित एक मकान पर दबिश देकर जींद निवासी आरोपी संजय, छातर निवासी संदीप, वैष्णो नगर कॉलोनी बल्लभगढ़ फरीदाबाद निवासी राहुल और उत्तर प्रदेश के कन्नौज के गांव सराय प्रयाग निवासी अश्वनी प्रताप सिंह को काबू किया था। उनके कब्जे से 7 लाख रुपये, दूसरे अभ्यर्थियों के फोटो लगे 11 एडमिट कार्ड और अन्य दस्तावेजों के अलावा पांच मोबाइल भी बरामद किए हैं। पूछताछ के लिए न्यायालय से आरोपी संजय व राहुल का 6-6 दिन के व आरोपी संदीप व अश्वनी प्रताप सिंह को 3-3 दिन के लिए रिमांड पर लिया था।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी संदीप के कब्जे से भरे गए 3 आवेदन फार्म की कॉपी और उसका आधार कार्ड बरामद किया गया है। भरे गए आवेदन फार्म पर संदीप की जगह आरोपी राहुल की फोटो लगाई हुई है। जबकि आरोपी अश्वनी प्रताप सिंह के कब्जे से 7 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। जो आरोपी ने गोपाल निवासी धमतान साहिब से हरियाणा पुलिस सिपाही का पेपर देने की एवज में प्राप्त किए थे। आरोपी शेष राशि खर्च कर चुका था। वीरवार को दोनों आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए है। आरोपी संजय व राहुल से पुलिस द्वारा अभी पूछताछ जारी है।