कैथल। किठाना के पास अपनी कार में खुद को गोली मारने वाले युवक के पिता ने छह लोगों के खिलाफ बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। घटना बीती 31 मई की है। पिता का कहना है कि घर जाकर बेटे का सुसाइड नोट मिला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, आत्महत्या में इस्तेमाल की पिस्टल पुलिस ने अवैध बताई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रापर्टी लेन-देन का कार्य करने वाले अमित कुमार (35) ने मंगलवार को दोपहर बाद अपनी कार में खुद को गोली मार ली थी। पिस्टल उसके हाथ में थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया गया लेकिन कारणों का पता नहीं चल सका था।
अब शुक्रवार को राजौंद थाने में दी शिकायत में अमित के पिता नीमवाला निवासी जगदीश ने किठाना निवासी कुलबीर, गांव मांडी निवासी लाडू, थुआ निवासी मनोज, पेगा निवासी योगेश व निडाना निवासी रूका पर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि सभी आरोपी बेटे के पैसे नहीं दे रहे थे। कई बार पंचायत भी हुई लेकिन नतीजा सिफर रहा।
अमित के पिता का आरोप है कि अमित को जान से मारने की भी कई बार धमकी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उनके लड़के को अगवा कर लिया था। इस बारे एक फौजदारी का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। अंतत: बेटे ने धमकियों से तंग आकर 31 मई को खुद को गोली मारकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। पोस्टमार्टम करवाने के बाद घर आए तो आत्महत्या का सुसाइड नोट मिला। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।