स्वास्थ्य विभाग में कोरोना संकट के दौरान रखे गए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को पिछले तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। जिस कारण इन कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को कर्मचारी डीसी से मिले और 34 कर्मचारियों को उनका मानदेय दिलवाए जाने की मांग की।
कर्मचारी अशोक कुमार, हरदीप सिंह, बीरेन्द्र सिंह, सूरज, राकेश, जसविन्द्र सिंह, विजय, सुनील ने कहा कि 17 सितंबर 2020 को लैब टेक्निशियन, फार्माशिष्ट, अटेंडेंट, डाटा ऑपरेटर, स्वीपर सहित 34 कर्मचारी आउटसोर्सिंग नीति के तहत भर्ती किए गए थे। उस समय कोई भी व्यक्ति काम करने से डर रहा था। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर रोजगार और जनसेवा के लिए काम शुरू किया। अब पिछले 3 महीने से उन्हें मानदेय नहीं दिया जा रहा। सीएमओ से भी वे अपनी समस्या के बारे में मिल चुके हैं। सिविल सर्जन अब उनके कागज लेने से मना कर दिया है। ठेकेदार को वे एक ही तरह के दस्तावेज चार से पांच बार जमा करवा चुके हैं। उन्होंने डीसी से मांग की कि उनका मानदेय दिलवाया जाए। डीसी ने कहा कि इस संबंध में सीएमओ से बात करेंगे।