Discussion held with Education Minister regarding appointment of two teachers
- फोटो : Kaithal
गांव दुमाड़ा स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर की गई तालाबंदी का मुद्दा आखिरकार महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा के प्रयास से सुलझ गया। सुबह मंत्री आवास पर इस विषय को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें कलायत भाजपा मंडल अध्यक्ष महिपाल राणा, अभिभावक, सामाजिक संगठन और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान महिला एंव बाल विकास राज्यमंत्री ने तुरंत प्रभाव से शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर से दुमाड़ा गांव के सरकारी स्कूल में रिक्त पदों को लेकर चर्चा की। इस पर शिक्षा मंत्री ने कमलेश ढांडा के प्रस्ताव पर गांव के स्कूल में जल्द दो शिक्षकों को नियुक्त करने का आश्वासन दिया।
राज्य मंत्री के निर्देशानुसार जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी चंद्रकला, कलायत नायब तहसीलदार हरदेव सिंह व अन्य अधिकारी शुक्रवार को गांव दुमाड़ा पहुंचे। लंबे समय तक चली बैठक के दौरान अफसरों की टीम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द शिक्षकों के रिक्त पद भरने का क्रम शुरू होगा। ठोस आश्वासन पर ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से सरकारी स्कूल पर वीरवार से लगे ताले को खोल दिया।
पूर्व सरपंच साधु राम, रमेश कश्यप, महिपाल ,सागर, टेक राम, देवेंद्र कुमार, मांगे राम, बलबीर, पवन कुमार, राजबाला, कमला, फूलपती, चंद्रपति, शीला, मूर्ति, नीलम, कोमल, प्रमिला व अनिता ने कहा कि गांव में एक ही सरकारी स्कूल है। इसलिए तत्काल प्रभाव से शिक्षकों के रिक्त पद भरने जरूरी हैं। रिक्त पदों को भरने का आश्वासन मिला है। इसके मद्देनजर स्कूल का ताला खोलने व बच्चों को स्कूल भेजने का निर्णय लिया है।