जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या हर दिन बढ़ रही है। रोजाना कई-कई नए मरीज जिले में सामने आ रहे हैं। मंगलवार को भी तीन मरीज नए पाए गए, जिनमें से एक गांव बात्ता, एक बीरबांगडा और एक अर्जुन नगर में पाया गया। अब तक जिले में कुल 85 मरीज डेंगू के पाए गए हैं। जिनमें से 63 ठीक हो चुके हैं। छह अस्पताल में दाखिल हैं और 16 का अस्पताल के बाहर इलाज जारी है।
डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से 573 डेंगू के नमूने लिए जा चुके हैं। मंगलवार को 43 नमूने एकत्रित किए गए हैं। जिन घरों में लारवा मिला है, उन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा नोटिस जारी किया गया है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बुखार से पीड़ित सभी लोगों के नमूने लेते रहें और जिला वासियों को डेंगू से बचाव के प्रति भी जागरूक करते रहें। उन्होंने आमजन को आह्वान भी किया कि डेंगू से घबराने की जरूरत नहीं है। अपने घरों में लारवा न पनपने दें और घर के आसपास साफ-सफाई रखें।