कैथल। कोरोना संक्रमण से एक 45 वर्षीय महिला की रविवार को मौत हो गई। दूसरी ओर नए सक्रिय मामलों में भी राहत मिली। कोरोना संक्रमण के केवल पांच नए मामले सामने आए। जबकि 22 मरीजों ने कोरोना संक्रमण को मात दी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को गांव रतनखेड़ा निवासी एक 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जिले में इस समय 133 एक्टिव केस हैं। डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों में से 103 को होम आइसोलेशन में रखा गया है, दो मरीजों का इलाज नागरिक अस्पताल कैथल, एक एल्केमिस्ट पंचकूला में, दो मरीजों का इलाज शाह अस्पताल में चल रहा है। इसी तरह पीजीआई चंडीगढ़ में 11, सिग्नस अस्पताल में सात, करनाल के कल्पना चावला अस्पताल में पांच, जीआईएमएस अस्पताल हिसार में एक और नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र में एक मरीज का इलाज चल रहा है। जिले में 14 हजार 139 कोरोना के मरीजों में से 13 हजार 637 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 96.4 प्रतिशत है। पॉजिटिव रेट 3.3 प्रतिशत है और मृत्यु दर 2.6 प्रतिशत है। होम आइसोलेशन में रह रहे 12225 मरीजों में से 12122 स्वस्थ हो चुके हैं। जिले मेें अब तक 15 लाख 99 हजार 577 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। रविवार को 360 लोगों का टीकाकरण किया गया।