गांव बालू के पास माइनर में मिले शव के चलते सनसनी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एक अज्ञात युवक की कनपटी पर गोली मारकर उसके शव को सुदकैन मानइर में बहा दिया गया। वीरवार देर रात माइनर से शव मिलने से आस-पास के एरिया में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही अज्ञात के खिलाफ बालू की गादड़ा पट्टी के चौकीदार बलराज की शिकायत पर हत्या सहित शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
चौकीदार बलराज ने पुलिस को बताया कि वह बालू से कैलरम को जाने वाली सड़क पर घूमने के लिए गया था। अचानक उसकी नजर सुदकैन माइनर की पुलिया पर पड़ी तो वहां एक युवक की लाश पड़ी थी। उसने तत्काल इसकी सूचना सरपंच रमेश कुमार को दी। सूचना मिलते ही सरपंच व गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। सभी ने लाश पहचानने की कोशिश की पर असफल रहे। ग्राम सरपंच ने बताया कि शव पूरी तरह से फूला हुआ था। उसमें से भारी बदबू उठ रही थी। उन्होंने सूचना कलायत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने भी शव की पहचान के लिए कपड़ों की तलाशी ली पर कोई पहचान नहीं मिल पाई। सूचना मिलने पर डा. भीरा राम के नेतृत्व में सीन आफ क्राइम की टीम ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक तथ्य जुटाए। लेकिन युवक की शिनाख्त लायक जानकारी नहीं मिल पाई। शव की स्थिति देख कर मौके पर खड़े लोगों व पुलिस की जांच की थ्योरी इस परिणाम पर पहुंची कि तीन चार दिन पूर्व युवक की अन्यत्र कहीं पानी में गिरने से मौत हुई है। पानी के बहाव के साथ यह शव यहां तक पहुंच गया और 23 मार्च की रात में माइनर का पानी कम हो जाने के कारण लाश पुलिया में ही अटक गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के लिए शव को कैथल के सिविल अस्पताल भिजवाया पर शव की खराब हालत देख कर उसे रोहतक पीजीआई में भिजवा दिया गया। वहीं रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलने से मामले में नया मोड़ आ गया। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने अपनी रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में गोली लगना बताया है।
थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि पीजीआई से मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई कि तीन से चार दिन पूर्व मिली युवक की लाश के सिर में गोली मारकर उसे खुर्द बुर्द करने के लिए पानी में बहा दिया गया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ 302 धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि 72 घंटे तक शव को रखा जाएगा। यदि इस दौरान कोई पहचान नहीं हो पाती या कोई दावा नहीं आता तो शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।