शुक्रवार शाम घर से फरार हुए प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दे दी। शनिवार शाम दोनों खन्नौत नदी किनारे बेहोशी की हालत में पडे़ मिले थे। दोनों को उनके परिवार वाले घर ले गए। जहां दोनों ने दम तोड़ दिया।
गांव मोहद्दीनपुर निवासी कमलेश वाल्मीकि की 25 वर्षीय पत्नी गीता का गांव के ही हमउम्र अविवाहित बढ़ई जाति के युवक नन्हेलाल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार के लोगों को जानकारी हुई तो युवती के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई और उस पर कड़ी निगाह रखी जाने लगी। शुक्रवार शाम मौका पाकर युवती नन्हेलाल के साथ चली गई। रात भर युवती और युवक के घरवाले दोनों की तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दोनों को गांव फगुनिहाई घाट के जंगली पीर बाबा के स्थान के पास बेहोशी ही हालत में पड़े देख लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने मामले की जानकारी यूपी-100 पर दी, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। युवक के पास से मिले मोबाइल से उसके परिचित को सूचना दी गई तो युवक और युवती के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को घर उठा ले गए। घरवालों ने दोनों का निजी डॉक्टर के यहां इलाज भी कराया लेकिन देर रात उनकी मौत हो गई। बताते हैं कि दोनों ने जहर खा लिया था।
एसओ बंडा उदयवीर सिंह ने बताया कि गांव के लोगों से घटना की जानकारी मिली है। दोनों में से किसी के परिवार ने पुलिस को कोई खबर नहीं दी है। पुलिस गांव के लिए रवाना कर दी गई है।