महज 23 हजार रुपये के लिए दो दोस्तों ने ही अर्जुन नगर निवासी सन्नी की हत्या की थी। साथ ही हत्या के बाद उसके एटीएम कार्ड से 34 हजार रुपये भी निकाल लिए। यही लालच उन्हें महंगा पड़ा और पुलिस ने एटीएम की सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
अर्जुन नगर निवासी युवक सन्नी 16 मार्च को लापता हुआ था। उसका शव शनिवार शाम सेक्टर 21 के सीवर से मिला था। पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। शहर पुलिस सब इंस्पेक्टर राजफुल ने बताया कि 17 मार्च को अर्जुन निवासी मृतक का भाई विशाल शहर थाने में उसके भाई की लापता होने की शिकायत लेकर आया था। जिसमें बताया गया था कि 16 मार्च की रात 9 बजकर 15 मिनट पर फोन आया था। जिसके बाद से उसका भाई लापता है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए उसके नंबर को ट्रेस करवाया। पट्टी अफगान के जोहड़ मेें उसकी बाइक बरामद की गई।
जांच के दौरान पुलिस को एटीएम कार्ड से पैसे निकालने पर एटीएम से फुटेज निकाली। जब यह फुटेज पुलिस ने परिजनों को दिखाई तो उसमें दिख रहे युवकों की परिजनों ने शिनाख्त करते हुए बताया कि ये तो उसके दोस्त हैं। इसके बाद पुलिस ने खुराना रोड निवासी संदीप व विशाल को काबू किया। पूछताछ में दोनों ने अर्जुन नगर निवासी 17 वर्षीय युवक सन्नी की हत्या की वारदात का खुलासा किया। आरोपी संदीप ने कबूला कि उसे मृतक को तीन हजार व विशाल ने कबूला कि उसे 20 हजार रुपये देने थे। इसी कारण उन दोनों ने उसे चाकुओं से मारकर उसका एटीएम कार्ड निकाल लिया। जिसके बाद उन्होंने उसके खाते से करीब 34 हजार रुपये भी निकाल लिए।
एसआई राजफुल ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं मृतक के शव को चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।