मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने से पीड़ित ने शहर छोड़ा
एसपी से कार्रवाई की मांग
कैथल। पुलिस द्वारा मारपीट के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने और आरोपियों द्वारा धमकी देने से भयभीत परिवार ने शहर छोड़ दिया। इस बारे में रोडवेज यूनियन के पदाधिकारी डीएसपी तरूण सैनी से मिले और लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत की प्रतियां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल हरियाणा, मुख्यमंत्री व और डीजीपी हरियाणा को भी भेजी गई हैं।
डीएसपी को दी शिकायत में रोडवेज में कर्मचारी राजेंद्र कुमार ने कहा है कि 18 अगस्त को आधा दर्जन से अधिक युवकों ने उसके बेटे कुश मिगलानी को बेरहमी से पीटा। इस मारपीट में कुश की आंख में गहरी चोट आई, जिसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ से करवाया गया। राजेंद्र का कहना है कि इसकी शिकायत उन्होंने थाना शहर में दी लेकिन पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया और न ही कोई गिरफ्तारी की। दूसरी ओर आरोपी उन्हें एससी एक्ट अथवा रेप के झूठे केस में फसाने की धमकी दे रहे हैं। अब वे शहर छोडक़र कहीं और रह रहे हैं। उन्हें आरोपियों से जान का खतरा है। उन्होंने एसपी से मांग की है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस बारे में जब डीएसपी तरुण सैनी ने कहा कि इस मामले में कानून अनुसार जो कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।