रंजिश में तेजधार हथियार से वार कर युवक को मौत के घाट उतारा
युवक की मौत के बाद गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस ने दो के खिलाफ दर्ज किया हत्या के आरोप में केस
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। पबनावा में शनिवार रात एक 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई करने व तेजधार हथियार से घायल करने के बाद पीजीआई में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया। मौत के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक विपिन के पिता बलबीर ने आरोप लगाया है कि गांव के ही विकास पुत्र केशा तथा विपुल पुत्र रमेश ने उसके लड़के के साथ शनिवार रात के समय गली में लड़ाई झगड़ा करते हुए लाठी डंडों उसकी पिटाई की। उसके बाद उसे घसीट कर घर के अंदर ले गए और तेजधार हथियारों से वार करते हुए उसे घायल कर दिया। घायल अवस्था में हम उसे इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान पीजीआई में उसकी मौत हो गई।
ढांड थाना प्रभारी शिवकुमार ने बताया पबनावा निवासी मृतक विपिन के पिता बलबीर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते विकास व विपुल ने उसके लड़के की तेजधार हथियारों से वार किए जिससे उसके लड़के की मौत हो गई। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।