जिला जेल से मोबाइल बरामद
पिछले तीन वर्षो से लगातार मिल रहे है जिला जेल के अंदर से मोबाइल
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिला जेल से मोबाइल मिलने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। जब भी जेल में चेकिंग होती है। एक-दो या इससे अधिक मोबाइल जरूर मिलते हैं। जेल से लगातार मिल रहे मोबाइलों से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि कहीं न कहीं जेल में बंद अपराधियों तक मोबाइल पहुंचाने में जेल स्टाफ भी शामिल हो सकता है। सिटी पुलिस को दी शिकायत में जेल अधीक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि 15 दिसंबर को उन्होंने जेल की चेकिंग की थी। इस सर्च आपरेशन के दौरान उन्हें जेल के बाथरूम से एक सैमसंग का मोबाइल बरामद हुआ है। इस मोबाइल में बैटरी नहीं थी। यह मोबाइल कौन इस्तेमाल कर रहा था और जेल के अंदर कैसे पहुंचा पुलिस मामले की जांच करेगी।
एसएचओ रमेश चंद ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिछले तीन वर्षों से लगातार मिल रहे है जेल के अंदर से मोबाइल-पुलिस के चेकिंग अभियान के दौरान पिछले तीन वर्षों से मोबाइल लगातार मिल रहे है। पिछले वर्ष जिला जेल के अंदर गेंद में मोबाइल डालकर फेंका गया था। वहीं दूसरी ओर जूस की बोतल में मोबाइल डालकर अंदर फेंके गए थे। वहीं सीआईए-टू पुलिस के चेकिंग अभियान के दौरान कैदियों के पास रखी पानी की बोतलों में अंदर से मोबाइल फोन बरामद हुए है।