पूर्व सरपंच व बीडीपीओ के खिलाफ धोखाधड़ी का केस
- मृतकों के नाम की पेंशन के 17.25 लाख रुपये हड़पने का आरोप
कैथल। पुलिस ने गांव बलबहेड़ा में पूर्व सरपंच सहित दो बीडीपीओ रहे अधिकारियों के खिलाफ मृतकों के नाम की पेंशन हड़पने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। 17.25 रुपये की राशि के गबन का आरोप है।
गांव वासी धूप सिंह ने बताया कि गांव की पूर्व सरपंच ओमी देवी के कार्यकाल में एक अगस्त 2010 से 29 दिसंबर 2017 के बीच अधिकारियों से मिलीभगत करके फर्जी कागजात एवं अंगूठे लगाकर कई मरे हुए लोगों के नाम से पेंशन हड़पी गई है। साथ ही पंचायती फंड में भी दुरुपयोग किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान लगभग 17.25 लाख रुपये हड़पे गए हैं।
सब इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर पूर्व सरपंच ओमी देवी के अलावा पूर्व में बीडीपीओ चीका रहे अजीत सिंह व चीका विकास के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।