कार का शीशा तोड़कर रुपये चुराए
चोरों ने कई अन्य जगह भी लगाई सेंध
दुकान से 18 बैटरी, एक मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान चुराया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। चोरों ने बुधवार को कई जगह सेंध लगाते हुए हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। ड्रेन के निकट एक कार का शीशा तोड़कर उसमें से 1 लाख 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। साथ ही कई अन्य जगह से सामान चुराया है।
गांव खुराना निवासी राममेहर ने बताया कि वह बैंक से 1.20 लाख रुपये निकलवाकर दोपहर को अपने गांव की तरफ जा रहा था। वह अंबाला रोड ड्रेन से सीधे अपनी गाड़ी में गांव जा रहा था। रास्ते में उसकी गाड़ी का तेल खत्म हो गया है। वह गाड़ी को लॉक करके एक ट्रैक्टर चालक से लिफ्ट लेकर तेल लेने चला गया। उसने गाड़ी की पिछली सीट पर काले बैग में पैसे रखे हुए थे। तेल लेकर वापिस आया तो गाड़ी का पिछला शीशा टूटा हुआ था और बैग वहां नहीं था। जिस पर उसने पुलिस को सूचित किया। हेड कांस्टेबल रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी प्रकार से दूसरे मामले में गांव हाबड़ी निवासी धर्मबीर ने पूंडरी पुलिस बताया कि चोर गत 9 जनवरी की रात को उसकी गुरु ब्रह्मानंद चौक स्थित दुकान का ताला तोड़कर अंदर से 18 पुरानी बैट्री चुराकर ले गए। चुराए गए सामान की कीमत करीब 10 हजार रुपये थे। हेड कांस्टेबल दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं सुभाष नगर कैथल निवासी नवीन कुमार ने बताया कि गत 9 जनवरी को जब वह ऋषि नगर की तरफ जा रहा था तो दो युवक बाइक पर आए और उससे बातचीत करने लगे। जब दोनों युवक चले गए तो उसने देखा उसकी जेब में मोबाइल नहीं है। उसे पूरा शक है कि उसका मोबाइल उन्हीं दोनों युवकों ने चुराया है। हेड कांस्टेबल सत्यवान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।